गोरखपुर (ब्यूरो)। चरगांवा ब्लॉक कैंपस में रामसेवक का मकान है। गुरुवार रात मकान का ताला तोड़कर चोरों ने घर खंगाल लिया। शुक्रवार सुबह मकान का ताला टूटा देखकर पड़ोसी वेद प्रकाश पाठक ने पुलिस को सूचना दी। घर में घुसे चोर हल्की ज्वलेरी ही ले जा पाए थे। कॉलोनी में रहने वाले हेल्थ वर्कर मनीष अग्रहरी और गरिमा पाठक के घर में भी चोरी हुई थी। गुल्लक में रखी नकदी और लैपटॉप लेकर चोर चले गए थे।

खजनी और गोला एरिया में चोरों ने तोड़े ताले

खजनी एरिया के धुअवहा में चोरी हुई। गुरुवार की रात सभी कमरों का ताला तोड़कर चोर गैस सिलेंडर सहित सारा सामान उठा ले गए। शुक्रवार की सुबह जब टीचर स्कूल पहुंचे तो उनको घटना की जानकारी हुई। प्रिंसिपल हरिकेश मिश्र ने बताया कि तीसरी बार स्कूल में चोरी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर गोला एरियाके हटवा दुबे, कोहड़ी बुजुर्ग में छह घरों का ताला तोड़कर चोरों ने ज्वेलरी सहित भारी सामान उड़ा दिया। लाखों रुपए की चोरी की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है।

यह बरतें सावधानी

- मकान में सोते समय पूरी सावधानी बरतें। दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें।

- किसी तरह की आहट होने पर तत्काल अलर्ट हो जाएं। गतिविधियों का अंदाजा लगाएं।

- चोरों के अधिक संख्या में होने पर हमला कर सकते हैं। इसलिए पूरी सावधानी बरतें।

- घर बंद होने पर नजदीकी पुलिस स्टेशन और पुलिस चौकी को सूचना जरूर दें।

- कीमती ज्वेलरी और नकदी को सूने मकान में कतई ना छोड़े।

- संभव हो तो घर की रखवाली के लिए किसी रिश्तेदार या परिचित को जिम्मेदारी सौंपे।

सर्दियों की रात में चोरी की घटनाएं सामने आती हैं। इसको देखते हुए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। बीट कांस्टेबल को मूवमेंट में रहते हुए गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।

डॉ। विपिन ताडा, एसएसपी गोरखपुर