गोरखपुर (ब्यूरो)।योग से जुड़े एक्सपर्ट का कहना है कि स्वस्थ और संतुलित डाइट लेने से योग का पूरा लाभ मिलता है। योगाभ्यास से पहले और बाद में खाने को लेकर अलग-अलग लोगों के अपने विचार हैं। एक्सपर्ट का मानना है कि योग से पहले और उसके कुछ देर बाद तक खाली पेट रहना फायदेमंद होता है।

फिट रहने सात्विक भोजन करें

योगाचार्य प्रमोद कुमार यादव ने बताया, नियमित रुप से योगाभ्यास कर शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होने का प्रयास कर रहे लोगों को सात्विक भोजन करना चाहिए। सात्विक भोजन का सेवन करने से शरीर और मन दोनों शांत रहते हैं। अधिकांश लोग योग से पहले खालीपेट रहना पसंद करते हैं। ऐसे लोगों का मानना है कि योग हमेशा खालीपेट करने से ही फायदा देता है। योग नियम के मुताबिक योगाभ्यास का सबसे सही समय सुबह का माना जाता है और इस समय अक्सर लोग खालीपेट ही होते हैं। एक्सपर्ट का मानना है कि योगाभ्यास करने से कम से कम दो या तीन घंटे पहले तक भारी या देर से पचने वाला भोजन नहीं करना चाहिए। हालांकि आप चाहें तो योग का अभ्यास करने से एक घंटे पहले हल्का फल या ऐसे जूस का सेवन कर सकते हैं।

खालीपेट योगाभ्यास फायदेमंद

एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आप सुबह खालीपेट योगाभ्यास करते हैं तो यह सबसे अधिक फायदेमंद होगा। लेकिन अगर आप योगाभ्यास से पहले कुछ खाना चाहते हैं तो योग करने से एक घंटे पहले आप केला या जामुन जैसे फलों का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आप सुबह योगाभ्यास करते हैं तो दही, फलों की स्मूदी और दलिया या प्रोटीन शेक का सेवन कर सकते हैं। ऐसा करने से आपके शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिलेगी और सही तरीके से योग का अभ्यास करने में भी फायदा मिलेगा। शाम को योगाभ्यास करने वाले लोग एक घंटे पहले हल्का नाश्ता ले सकते हैं। ऐसे लोग उबली सब्जियां, नट्स और सलाद का सेवन भी कर सकते हैं। बताया कि योग करने से पहले आप पानी पी सकते हैं लेकिन योगाभ्यास के लगभग 20 से 30 मिनट बाद ही पानी पीना फायदेमंद होता है। अगर आप योग के तत्काल बाद पानी पीते हैं तो ऐसे में आपको शरीर में और पेट में ऐंठन की समस्या का सामाना करना पड़ सकता है। लेकिन योग के तत्काल बाद पानी पीने से बचना चाहिए।

योगाभ्यास से पहले इन चीजों का सेवन फायदेमंद माना जाता है।

- पानी

- फलों की स्मूदी

- केला

- शकरकंद

- भिगोए हुए बादाम

- ओट्स या दलिया

- हैवी खाने से बचें

सुबह योग करना है तो रात का खाना सुपाच्य होना चाहिए। खाना खाने के साढ़े तीन से चार घंटे बाद योग किया जा सकता है।

डॉ। प्रमोद यादव, योगाचार्य