फ्लैग: दबंग को महंगा पड़ा तगादा वसूलने का तरीका

-कल्याणपुर थानाक्षेत्र का मामला, गायत्री नगर निवासी है अपहृत

-बर्रा निवासी युवक और उसके साथियों ने अगवा कर फिरौती मांगी थी

KANPUR :

कल्याणपुर में मेस संचालक को अगवा करने वाले दबंग को पुलिस ने साथियों समेत पकड़ लिया। मेस संचालक ने दबंग से कुछ सामान उधार लिया था। जिसका तगादा न करने पर दबंग ने साथियों समेत उसको अगवा कर तीन लाख की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर मेस संचालक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने दबंग और उसके साथियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर जेल भेज दिया।

बकाया वसूलने के लिए अपहरण

गायत्री नगर में रहने वाले विकास मेहरोत्रा मेस संचालक हैं। वो कल्याणपुर में नर्सिगहोम बनवा रहे हैं। उन्होंने बर्रा निवासी अश्वनी दीक्षित से करीब 4.10 लाख रुपए का सामान उधार लिया था, लेकिन उन्होंने 1.70 लाख रुपए का ही पेमेंट किया था। अश्वनी शेष रकम का तगादा कर रहा था, लेकिन विकास कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें टहला देता था। जिससे परेशान अश्वनी ने नत्थूपुरवा निवासी दोस्त अभिषेक के जरिए विकास को बहाने से बुलाकर अगवा कर लिया। वो उसको बोलेरो में बंधक बनाकर सुनसान जगह ले गया। इसके बाद उसने विकास की पत्नी कीर्ति को फोन कर तीन लाख की फिरौती मांगी तो उसके होश उड़ गए। उसकी शिकायत पर पुलिस ने अश्वनी को साथियों समेत दबोच कर विकास को सकुशल बरामद कर लिया। सीओ संजीव दीक्षित ने बताया कि अश्वनी, अभिषेक, अलोक पाण्डेय और दीपक तिवारी को पकड़ा गया है।