कानपुर (ब्यूरो)। सिटी में पहली बार आदर्श बैक लोन की सुविधा शुरू होने के बाद कई वार्ड इसके लिए प्रयासरत हैं। लेकिन इसकी सबसे ज्यादा जरूरत वार्ड 84 में है। यहां सबसे ज्यादा कॉलोनी है और सर्विस लेन सालों से गंदगी से पटी पड़ी हैं। इसका प्रमुख कारण सीवर समस्या है। सालों पुरानी सीवर लाइन गायब हो गई है और सीवर की गंदगी नालियों के रास्ते बह रही है। जिसके चलते सीवर लाइन चोक है और कालोनियों की बैक लेन चोक है।

सर्विस लेन सबसे बड़ी प्रॉब्लम
जूही कला वार्ड 84 में खस्ताहाल सर्विस लेन को हमेशा से मुद्दा रहा है। यहां कॉलोनियों में सीवर का पानी भरने से समस्या विकराल हो गई है। वहीं, नालों का गंदा पानी घरों के सामने बह रहा है। जिसकी वजह से लोग बीमार भी पड़ते हैं। क्षेत्र में कई साल पुराना गारबेज सेंटर भी लोगों लिए सिरदर्द बना है। एरिया में रहने वालों के लिए उनकी सर्विस लेन सबसे बड़ी समस्या है। उनकी चाहत है कि अन्य वार्डों में बनीं आर्दश बैक लेन की तरह ही उनकी कॉलोनी की सर्विस लेन भी सुधर जाए और प्लेनिंग जोन न सही सर्विस लेन की कम से कम साफ सफाई हो जाए।


इसलिए हो रही अनदेखी
- क्षेत्र में अधिकतर लेबर कॉलोनियां हैं। जहां से नगर निगम का हाउस टैक्स नहीं जाता। कुछ लोग सीवर व जलकल देते हैं।

एरिया की मुख्य समस्याएं
- सर्विस लेन में बजबजाता कूड़ा
- जगह-जगह डंप किया जाने वाला कूड़ा
- बरसात में सीवर का पानी भरना
- कई गलियों में झाड़ू न लगना
- जेएनएनयूआरएम की पाइप लाइन घर तक न पहुंचाना
- मेन रोड पर गारबेज सेंटर

सर्विस लेन की गंदगी की वजह से सफाई कर्मी भी नहीं घुसते

सर्विस लेन की समस्या प्रमुख है। इतनी गंदगी है कि सफाई कर्मी अंदर नहीं घुसते हैं। यही वजह है कि सर्विस लेन पास होने के बाद भी कांट्रैक्ट बनाने में हाथ खड़ा कर देते हैं। अगर कॉलोनी की सर्विस लेन की समस्या खत्म हो जाए तो इस वार्ड की सबसे बड़ी प्रॉब्लम सॉल्व हो जाएगी।
- शशांक शुक्ला

वार्ड में समस्या वर्षों पुरानी है, यहां पर कई पार्षद विकास का वादा कर इलेक्शन तो जीत गए लेकिन बुनियादी सुविधा पर किसी ने फोकस नहीं किया है। गंदगी का अंबार है, वर्षों पुरानी सीवर लाइन है। जिसके बदलने की जरूरत है। अन्य वार्ड में विकास हो रहा है, जबकि इस एरिया में सर्विस लेन तक साफ नहीं हुई।
- अक्षय यादव

हमें तो क्षेत्र का विकास चाहिए। रोड, नालियां, सर्विस लेन बेहतर हो जाएं बस। कई सर्विस लेन बनी हैं, जो नहीं बनी वहां लोग परेशान हैं। हमे किसी से कोई शिकायत नहीं है। स्थानीय पार्षद की जिम्मेदारी है कि वह कॉलोनी की बैक लेन को दूसरे वार्डों की तरह आर्दश लेन बनाने के लिए काम करें तो पब्लिक भी जागरूक होगी।
- रेशू कनौजिया

अपने कार्यकाल में हमने नगर निगम निधि से छह करोड़ रुपये के काम कराए हैं। कई सर्विस लेन को बनवाया है। पार्कों को भी सुधरवाया है। समय से झाड़ू लगे इसकी भी मॉनीटरिंग करते हैं। हालांकि वार्ड में अब भी साफ सफाई व सीवर समस्या को खत्म करने के लिए कई काम कराने की जरूरत है।
- अल्पना संदीप जायसवाल, पूर्व पार्षद

कॉलोनी की सर्विस लेन के साफ सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारी नहीं है। नगर निगम से इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की मांग की गई है। इसके अलावा पुरानी सीवर लाइन के चलते वाटर लॉगिंग की भी समस्या बनीं है। नगर निगम से लगातार नई सीवर लाइन के साथ एरिया में स्ट्रीट लाइट की भी मांग कर रहे है।
-अमित जायसवाल, पार्षद वार्ड 84