-नौबस्ता में महिला और सरकारी कर्मी ने किया सुसाइड

-कल्याणपुर में महिला टीचर समेत एक युवक ने जान दी

KANPUR : शहर में पिछले चौबीस घंटे में चार लोगों ने जिंदगी से हारकर सुसाइड कर लिया। नौबस्ता में महिला ने बच्चा न होने के गम में जान दे दी। वहीं, केडीए कॉलोनी में सरकारी कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसी तरह कल्याणपुर में टीचर समेत एक युवक ने फांसी लगाकर मौत का गले लगा लिया। सूचना पर संबंधित थाने की पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया।

डिप्रेशन में चल रही थी

यशोदानगर में रहने वाले संदीप गुप्ता कारोबारी हैं। उनकी आठ साल पहले बलिया निवासी सुनैना (30) से शादी हुई थी। सुनैना बच्चा न होने से डिप्रेशन में चल रही थी। उसका इलाज भी चल रहा था। रविवार की शाम संदीप कमरे में सो रहा था, जबकि उसकी मां किचन में काम कर रही थी। संदीप की नींद खुली तो उसने सुनैना को आवाज दी, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। वो सुनैना को ढूढ़ते हुए मंदिर वाले कमरे में गया तो वहां पर उसका शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका था। जिसे देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया।

सरकारी कर्मचारी ने आत्महत्या की

नौबस्ता में केडीए कॉलोनी में रहने वाले राजीव द्विवेदी नमकीन कारोबारी हैं। उनके परिवार में पत्नी नीलम, बेटा अर्पित (21) और बेटी आकांक्षा है, जिसमें अर्पित सरकारी कर्मचारी था। वो कुछ दिनों से डिप्रेशन में चल रहा था। परिजनों ने उससे डिप्रेशन का कारण पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। रविवार की रात को वो खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया। सुबह मां उसको बुलाने के लिए रूम पर गई तो वहां पर उसका शव फांसी पर लटका था। इंस्पेक्टर संजय त्यागी के मुताबिक प्रथम दृष्टया सुसाइड का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन उसने सुसाइड क्यों की? इसका पता नहीं चल सका है।

लटका मिला प्राइवेट कर्मी का शव

कल्याणपुर में पंकज राजपूत ने फांसी लगाकर जान दे दी। वो मूलरूप से रसूलाबाद निवासी था। वो यहां मसवानपुर सराय में किराये के मकान में रहता था। उसके परिवार में मां सवित्री और दो बहन हैं। तीनों गांव में रहती हैं। वो यहां पर अकेले रहता था। सोमवार की सुबह उसके घर के बाहर बच्चे खेल रहे थे कि तभी एक बच्चे की नजर खिड़की से उसके कमरे अन्दर गई तो वहां पर उसका शव फांसी पर लटका था। बच्चों के शोर मचाने पर इलाकाई लोगों ने गेट तोड़कर शव को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। पुलिस को सुसाइड नोट न मिलने से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने उसके परिजनों को जानकारी दी तो घर में कोहराम मच गया।

टीचर का शव फंदे पर लटकता मिला

केशवपुरम में रहने वाली रोमा यादव (24) की सोमवार की शाम संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। वो नागेंद्र यादव की बेटी थी। वो तीन बहन और एक भाई में दूसरे नम्बर की थी। वो प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी। वो सोमवार को स्कूल से घर पहुंची तो बेहद परेशान थी। घरवाले नीचे कमरे में बैठे थे। वो उनसे बात करने के बाद ऊपर कमरे में चली गई। जब वो काफी देर तक वापस नहीं आई तो बहन उसको बुलाने के लिए कमरे में गई, जहां उसका शव कुंडे के सहारे फांसी पर लटका था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। कुछ लोगों ने उसका स्कूल में विवाद होने का आरोप लगाया है, जबकि कुछ लोग उसके डिप्रेशन में होने का आरोप लगा रहे हैं। एसओ का कहना है कि प्रथम दृष्टया सुसाइड का मामला है।