शेरॉन बियालेक नाम की इस महिला ने न्यूयॉर्क में एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर के बताया कि नब्बे के दशक में वो एक बार केन से मदद मांगने गई थीं तो केन ने उन्हें दबोच लिया था।

शेरॉन का कहना था कि केन ने उनकी स्कर्ट पकड़ी और उनका मुंह अपने जननांगों की तरफ ले जाने की कोशिश की। शेरॉन चौथी महिला है जिसने केन पर यौन प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। केन के प्रचार अभियान ने तुरंत एक बयान जारी कर करहा है कि केन के ख़िलाफ़ लगाए जा रहे आरोप ग़लत हैं।

पूर्व में पित्ज़ा का बड़ा कारोबार कर चुके केन रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की कड़ी दावेदारी कर रहे हैं। नब्बे के दशक में जब केन एक रेस्तरां लॉबी ग्रुप के प्रमुख थे। पिछले हफ्ते दो महिलाओं ने आरोप लगाया था कि लॉबी ग्रुप के प्रमुख के रुप में केन ने दोनों का शोषण किया था।

कुछ समय बाद एक और महिला ने केन पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। शेरॉन पहली महिला हैं जिन्होंने केन के ख़िलाफ़ प्रेस कांफ्रेंस कर के आरोप लगाए हैं।

शेरॉन भी रेस्तरां लॉबी ग्रुप में काम करती थीं। उनका कहना है कि वो पहली बार केन से संगठन के वार्षिक समारोह में मिली थीं और इस दौरान उनके और उनके ब्वॉयफ्रेंड के प्रति केन का रवैया उत्साहजनक था।

एक महीने बाद लॉबी ग्रुप के शिक्षा फाउंडेशन के मैनेजर के पद पर काम कर रही शेरॉन को नौकरी से हटा दिया गया। नौकरी से हटाए जाने के बाद शेरॉन ने अपने ब्वॉयफ्रेंड के कहने पर केन से मदद मांगने का फै़साला किया और केन जुलाई 1997 में वाशिंगटन में शेरॉन से मिलने पर राज़ी हुए।

शेरॉन का कहना था कि उन्होंने डिनर के दौरान केन से नौकरी के लिए मदद मांगी। शेरॉन का कहना था, ‘‘डिनर के बाद हमें ऑफिस की तरफ जाना था लेकिन केन अचानक मेरे बिल्कुल करीब आए और अपना हाथ मेरे पैरों पर रखा और स्कर्ट के अंदर मेरे अंगों को छूने की कोशिश करने लगे.’’

उन्होंने बताया, ‘‘ केन ने मेरा मुंह अपने जननांगों की तरफ ले जाने की भी कोशिश की.’’ शेरॉन पत्रकारों को ये सब बताने के दौरान काफ़ी भावुक हो गई थीं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने केन को रोका तो केन ने कहा कि क्या तुम्हें नौकरी नहीं चाहिए।

शेरॉन के साथ उनकी वकील ग्लोरिया ऑलरेड भी थीं। ग्लोरिया कई बड़े मामलों में वकील रह चुकी हैं और केन के अभियान ग्रुप का कहना है कि ऑलरेड डेमोक्रेट पार्टी से जुड़ी हैं और इसी कारण केन पर ग़लत आरोप लगवा रही हैं।

International News inextlive from World News Desk