कानपुर (ब्यूरो)। नशे की लत और शक ने हंसती खेलती गृहस्थी बर्बाद कर दी। तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया और पिता भी पुलिस की हिरासत में पहुंच गया। चौबेपुर में एक कपल के बीच हुए झगड़े के बाद महिला की मौत हो गई। मायके वालों ने पति पर गला दबा कर हत्या का आरोप लगाया है। महिला के शरीर पर भी चोट के निशान मिले है। शादी के सात साल बाद भी पत्नी ने पति पर दहेज प्रताडऩा का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। महिला के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही हैं।

2007 में हुई थी शादी
कल्याणपुर के मसवानपुर निवासी विजय सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी माधुरी उर्फ रोली (35) की शादी जुलाई 2007 में चौबेपुर नरसिंह नुनूआ निवासी राजमिस्त्री वीरेद्र के साथ की थी। वीरेंद्र उर्फ कल्लू के परिवार में पिता राजाराम, मां विमला, भाई सुरेश है। माधुरी व वीरेंद्र के तीन बच्चे सृष्टि (13), कृष्णा (11) और कार्तिक (7) है। माधुरी के पिता विजय सिंह ने बताया कि बेटी की शादी के सात साल तक सब ठीक चलता रहा। इसके बाद से वीरेंद्र और उसके परिवार वाले दहेज के लिए उसे परेशान करने लगे थे। 2014 में उन्होंने कल्याणपुर थाना में दहेज प्रताडऩा का केस भी दर्ज कराया था। मां छबीली ने बताया कि वीरेंद्र शराब का लती था और अक्सर नशे में घर आकर उसके साथ मारपीट करता था। यहीं नहीं वह माधुरी पर बेवजह शक करता था। उसको मायके नहीं जाने देता था।

रात 2.30 बजे आई कॉल, सुबह मिली डेडबॉडी
विजय ने बताया कि शुक्रवार रात में माधुरी के देवर सुरेश ने उनके मोबाइल पर रात 2.30 बजे कॉल किया और माधुरी की हालत ज्यादा खराब होने की जानकारी दी। वह परिवार के साथ सुबह 5.30 बजे जब बेटी के ससुराल पहुंचे तो वहां माधुरी की डेडबॉडी पड़ी थी। पिता विजय का आरोप है कि माधुरी के शरीर पर चोट के निशान भी थे। उसकी गला दबा कर हत्या की गई है। वहीं माधुरी के ससुराल वालों का कहना है माधुरी ने फांसी लगाकर जान दी है। हालांकि पिता विजय के आरोप के आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया। आरोपी पति वीरेंद्र को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।