3 हजार ऑटो-टेंपो, ई रिक्शा की चेकिंग

700 म्यूजिक सिस्टम उतरवाए

22 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया

- ऑटो, टेंपो और ई रिक्शा में नहीं बजेंगे म्यूजिक सिस्टम

- पुलिस ने 700 म्यूजिक सिस्टम टेंपो-ऑटो से उतारे

LUCKNOW : शहर की सड़क पर चलने वाले टेंपो, ऑटो और ई रिक्शे में अब गाना नहीं बजेगा। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने महिलाओं और बुजुर्गो को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह आदेश दिया है। एसएसपी के आदेश के बाद पूरे शहर भर में संडे को पुलिस ने अभियान चलाकर टेंपो, ऑटो और ई रिक्शा से 700 म्यूजिक सिस्टम उतरवाए। गौरतलब है कि शहर में कुल 10 हजार ऑटो-टेंपो और 17 हजार ई रिक्शा हैं। जिसमें ज्यादातर तेज आवाज में म्यूजिक बजाया जाता है।

शुरू हुआ अभियान

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण माह को देखते हुए शहर की सड़कों पर चलने वाले ऑटो, टेंपो और ई रिक्शा में लगे म्यूजिक सिस्टम उतराने का रविवार को आदेश दिया। इन वाहनों में लगे म्यूजिक सिस्टम तेज ध्वनि से गाने बजते है। कुछ ऑटो, टेंपो व ई रिक्शा में अश्लील गाने भी बजते हैं। जिससे महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तेज आवाज के चलते बुजुर्गो व बच्चों को भी परेशानी होती है।

बाक्स

तीन हजार की चेकिंग

एसएसपी के आदेश के बाद पूरे शहर में संडे को करीब 3 हजार ऑटो, टेंपो और ई रिक्शा की चेकिंग की गई और 700 म्यूजिक सिस्टम को उतरवाकर ऑटो, टेंपो और ई रिक्शा का चालान करते हुए 22000 शमन शुल्क वसूला गया। इस अभियान में ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ थाने स्तर पर भी चलाया जाएगा।