लखनऊ (ब्यूरो)। विश्व में 10 हजार पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से 550 यूपी में मिलती हैं। देश में वेटलैंड को बढ़ावा देने से पक्षियों की संख्या में इजाफा होगा। यूपी में 10 वेडलैंड पाए जाते हैं। सोमवार को 1 से 3 फरवरी के बीच महोबा में होने वाले बर्ड एंड नेचर फेस्टिवल 2023 का प्री इवेंट वन विभाग में हुआ। इस दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने लोगो और मैस्कट का अनावरण किया।

संस्कृति से जोडऩे का प्रयास

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इको टूरिज्म को बढ़ावा दे रही है। इंसान और प्रकृति के बीच जो असंतुलन हुआ है, उसे सही करना बहुत जरूरी है। हम इको टूरिज्म के जरिए आयुष यानि आयुर्वेदिक तरीकों के साथ उस जगह की संस्कृति से भी सैलानियों को रूबरू कराने पर विचार कर रहे हैं।

हो रहे हैं कार्यक्रम

अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी ने कहा कि बर्ड एंड नेचर फेस्टिवल को लेकर रोड शो, नेचर वॉक, पक्षियों के व्यवहार, घोसलों व भोजन से जुड़ी जानकारी, वेटलैंड, कीट जगत, जैव विविधता पर आधारित सत्र, आर्ट कंपटीशन, फोटोग्राफी के साथ इको पर्यटन स्थल का भ्रमण भी कराएंगे।

वॉकथॉन में बच्चों ने की मस्ती

सोमवार को कार्यक्रम के प्री इवेंट के मौके पर 1090 चौराहे से वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान तक वॉकथॉन का आयोजन हुआ, जिसमें स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। इस दौरान बच्चों का जोश देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर सचिव पर्यावरण वन व जलवायु मंत्रालय मनोज सिंह, प्रधान वन संरक्षक ममता संजीव दुबे, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव केपी दुबे, कमलेश कुमार, एसके शर्मा, अंजनी आचार्य, ईवा शर्मा, सुनील चौधरी, दीपक कुमार, पीपी सिंह अधिकारियों के साथ इंडो अमेरिकन चेंबर्स ऑफ कॉमर्स के निदेशक मुकेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।