लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में रविवार को सिविल सर्विस प्रीलिम्स का एग्जाम कराया गया। यह एग्जाम शहर के 86 परीक्षा केंद्रों पर कराया गया। राजधानी में इस एग्जाम के लिए कुल 40 हजार 24 कैंडीडेट्स रजिस्टर्ड थे। एग्जाम दो शिफ्ट में कराया गया।

आए ट्रिकी सवाल

पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक जीएस पेपर 1 हुआ। वहीं दूसरी पाली का एग्जाम दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चला। दूसरी पाली में कैंडीडेट्स ने सीएसएटी का पेपर दिया। पेपर को लेकर कैंडीडेट्स की मिली जुली राय देखने को मिली। हालांकि पेपर को ट्रिकी बताने वालों की संख्या अधिक रही। कैंडीडेट्स के मुताबिक जीएस में करंट अफेयर्स के सवाल काफी मुश्किल थे।

57.78 फीसद ने दिया एग्जाम

यूपीएससी की परीक्षा के लिए राजधानी में 40 हजार 24 कैंडीडेट्स रजिस्टर्ड थे। पहली पाली में 23123 कैंडीडेट्स ही पेपर देने पहुंचे। 16895 कैंडीडेट्स ने एग्जाम नहीं दिया। वहीं, दूसरी पाली में 22851 कैंडीडेट्स ने परीक्षा दी, 17167 कैंडीडेट गैरहाजिर हुए। पहली पाली में उपस्थिति 57.78 फीसदी और दूसरी पाली में उपस्थिति 57.10 फीसदी ही रही।

बदले पैटर्न ने उलझाया

एग्जाम देने आए कई कैंडीडेट्स ने बताया कि इस साल पेपर के पैटर्न में कुछ बदलाव हुआ है। मल्टीपल्स टाइप सवालों के विकल्पों में से कौन सा सही और कौन सा गलत पूछने के बजाय कितने सही विकल्प हैं, पूछा गया। यह काफी कंफ्यूजिंग लगा। वहीं जीएस में जी-20, एमएसएमई, यूरेनियम, यूक्रेन से जुड़े सवाल भी एग्जाम में पूछे गए। जीएस में एंवायरमेंट और जियोग्राफी से जुड़े सवाल पूछे गए।

200 मार्क्स का प्रीलिम्स एग्जाम

यूपीएससी का प्री एग्जाम 200 मार्क्स का होता है। जीएस में 100 सवाल पूछे जाते हैं। वहीं सीसैट के पेपर में 80 सवाल पूछे जाते हैं। सीसैट क्वालिफाइंग होता है जिसमें 33 फीसद अंक हासिल करना जरूरी है। इसमें निगेटिव मार्किंग भी होती है।

क्या बोले कैंडीडेट्स

मेरे हिसाब से पेपर काफी लेंथी था। मुझे यह मॉडरेट टू टफ भी लगा। सेकंड पेपर भी कुछ मुश्किल ही था। रीडिंग कॉम्प्रिहेंसन वाला पार्ट काफी लंबा था। अच्छी तैयारी करने वालों को अधिक दिक्कत नहीं हुई है।

-आशुतोष, बांदा

पेपर 1 में करंट अफेयर्स का पार्ट काफी मुश्किल था। कुछ सवाल ट्रिकी पूछे गए थे। सेकंड पेपर में मैथ्स और बेसिक न्यूमरेसी का पार्ट कठिन लगा। लॉजिकल एंड एनालिटिकल रीजनिंग का पार्ट मॉडरेट टू डिफिकल्ट था।

-नेहा सिंह, लखनऊ

मेरे हिसाब से पेपर मॉडरेट रहा। एनालिटिकल रीजनिंग के सवाल चैलेंजिंग रहे। इस बार पेपर टफ आया। पहले पेपर में हिस्ट्री व पॉलिटी के सवाल आसान लगे लेकिन करंट अफेयर्स के सवाल मुश्किल थे।

-रोहित, लखनऊ