लखनऊ (ब्यूरो)। छठी मैया के ऊंचर रे अररीया, केलवा के पात पर उे लन सुरुजमल, पहिले पहिले हम कईनी छठी, ऊ जे केराव जे फरेला खबद से, कबहुं न छूटी छठि मइया, जैसे छठ माई के सुमधुर गीतों की भक्तिधारा के बीच गोमा का तट छठमय हो उठा। लोक आस्था के महापर्व का रंग, बहंगी उठाए परिजनों संग पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास हीलोरे मार रहा था। राजधानी में रविवार को छठ की अनुपम छठा देखती ही बन रही थी। हर कोई छठी माई की भक्ति रसधारा में आकंठ डूबा हुआ था। वहीं, लक्षण मेला मैदान में बने छठ घाट के आयोजन में सीएम योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुये।

सुशोभिता की पूजा

दोपहर बाद से ही लक्षमण मेला मैदान, मनकामेश्वर उपवन, झूलेलाल वाटिका, खाटू श्याम मंदिर, हनुमान सेतु समेत अन्य जगहों पर बने छठ घाटों पर व्रती महिलाएं पहुंचने लगी थीं। बहंगी जिसमें फल, अनाज, सब्जियां आदि सामग्री थी, उसे उनके पति सिर पर उठाकर चल रहे थे। महिलाओं ने तट पर पहुंचकर विधि विधान से सुशोभिता की पूजा की। जहां दीपक प्रज्ज्वलित कर माई की पूजा की। वहीं, दीपकों की लौ से छठ घाट रोशन हो उठा। इस दौरान हर कोई छठी माई की भक्ति में आकंठ डूबा नजर आया।

अस्ताचल सूर्य को दिया अर्घ्य

शाम को अस्ताचल गामी सूर्य को व्रती महिलाओं ने गोमती के पानी में कमर तक खड़े होकर अर्घ्य दिया। इस दौरान महिलाएं छठ माई के गीत गा रही थीं। बहुत सी महिलाएं परिवार संग गोमा के तटों पर ही रुक गई हैं, ताकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण कर सकें। इस दौरान गोमा तट की अनुपम छटा देखते ही बन रही थी।

चला फोटो और सेल्फी का दौर

घाट पर छाई छठ की मनोरम छटा के बीच लोगों में फोटो और सेल्फी लेने का भी खूब क्रेज दिखाई दिया। कई लोग तो फेसबुक पेज पर पूजा को लाइव टेलीकास्ट करते भी नजर आए, तो कई अपने परिजनों को वीडियो चैट के माध्यम से पूजा दिखाते हुए नजर आये।

प्रकृति का त्योहार है छठ पर्व

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर आप सभी को बधाई और शुभकामनाएं। छठी मैया की कृपा आप सभी पर बना रहे। हम सब जानते हैं कि दीवाली के बाद बिहार, झारखंड, पूर्वांचल में छठ पूजा के कार्यक्रम को आयोजन होता है। यह मुख्य रूप से इस सृष्टि के पिता भगवान सूर्य की उपासना का है। यह बहुत कठिन व्रत है। चार दिवसीय कार्यक्रम निष्ठा व आस्था के साथ महिलाएं करती है। यह भारत की एक समृद्ध परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। हमारा देश आस्था का देश है। जो पूरे देश को एकता के सूत्र में जोड़ता है।

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का कार्य पूरा होगा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे बताया कि मध्य काल में विदेशी आक्रांताओं ने सभ्यताओं को नष्ट करने का काम किया। यह लोक आस्था नहीं होती, तो उन देशों की तरह, जिनकी सभ्यता व संस्कृति नष्ट हो गई, उनके जैसा हाल होता। क्योंकि उन देशों ने विकास तो किया लेकिन मूल आत्मा को खो दिया। उन देशों के अस्तित्व का संकट आज भी खड़ा है। इस प्रकार की लोक आस्था ने लोगों को जोड़ने का काम किया और परंपरा को जीवित बनाकर रखा है। हमारा देश अलग-अलग क्षेत्र की परंपराएं और लोक आस्थाओं के साथ मिलकर चल रहे है। 500 वर्ष तक रामजन्म भूमि के लिए चले संघर्ष में विजय मिली। अब जनवरी में पीएम मोदी के द्वारा भव्य मंदिर का कार्य संपन्न हो रहा है।

घाटों व नदियों की स्वच्छता रखें

सीएम ने आगे कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि प्रकृति और परमात्मा के प्रति कृत्घनता प्रकट करें। सूर्य की गर्मी से वाष्प और वर्षा होती है। हम भी उसके प्रति एक समर्पण का भाव देता है। जल हमारे जीवन का प्रतीक है। इस आयोजन के बाद कार्यक्रम संपन्न हो तो प्रशासन की मदद से घाटों व नदियों की स्वच्छता का भी ध्यान रखें। क्योंकि यह हमारा धर्म और कर्तव्य भी है। इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, महापौर सुषमा खर्कवाल और भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

छठ गीतों की बही रसधारा

लक्ष्मण मेला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। जहां 150 से अधिक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इस दौरान पूरा गोमा तट छठ गीतों से गुंजायमान हो गया। सांस्कृतिक मंच पर कलाकारों द्वारा सोमवार सुबह तक प्रस्तुतियां दी गईं।

आज होगा व्रत का पारण

छठ पर्व का समापन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके लिए महिलाएं और पुरुष पानी में जाकर अर्घ्य देते है। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ व्रत का पारण किया जाएगा। जिसके बाद लोग अपन-अपने घरों को लौट जाएंगे।

छठ पर्व हम लोगों के लिए बेहद खास है। पूरा परिवार मिलकर इसे मनाता है। छठ माई से यही प्रार्थना है कि अच्छे से यह व्रत पूर्ण हो और हम सब पर उनकी कृपा बनी रहे।

-फूलचंद राय, सिकंदरबाग

छठ पूजा का पर्व आपको भक्ति व उत्साह से भर देता है। परिवार के साथ पूजन करने से आपसी संबंध और मजबूत होते हैं। यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां भरे, यही कामना करती हूं।

-आरती मिश्रा, पिकनिक स्पॉट

छठ पूजा करते हुए बहुत खुशी हो रही है। घर में उत्सव का माहौल है। व्रत रखने में घर वालों ने काफी सहयोग दिया। छठ माई से यही प्रार्थना है कि पूरे परिवार पर अपनी कृपा बनाए रखें।

-संध्या, गोमती नगर

छठ पर्व हम लोग काफी समय से मना रहे हैं। यह सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं का पूर्ण करने वाला पर्व है। छठी माई से यही प्रार्थना है कि उनका आशिर्वाद हम सभी पर हमेशा बना रहे।

-सविता पाठक, इंदिरा नगर