-सगे भाई पर बांके से ताबड़तोड़ वार, उतारा मौत के घाट

-भाई पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

-खुद ही पुलिस को फोन कर दी वारदात को अंजाम देने की जानकारी

-लड़की के बदलते बयान से उलझी गुत्थी

LUCKNOW : शुक्रवार को राजधानी के मडि़यांव थाना क्षेत्र में एक लड़की ने अपने सगे भाई का कत्ल कर दिया और खुद ही पुलिस को फोन कर जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कातिल को अरेस्ट कर आला-ए-कत्ल और उससे जुड़े सामान बरामद करने के बाद बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस इसे जमीनी विवाद बता रही है। हालांकि लड़की के बार बार बदलते बयान से भी पुलिस कंफ्यूज है और घटना में किसी और के शामिल होने की बात से इंकार नहीं कर रही है।

घर में अकेले रहते थे

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मडि़यांव के पूरब गांव सैरपुर में 24 वर्षीय मो यासीन अपनी छोटी बहन अस्मतुल निशा के साथ रहता था और सब्जी बेचकर जीवन यापन करता था। यासीन के मां बाप कई साल पहले ही मर चुके थे। बड़े भाई दीन मोहम्मद और बड़ी बहन शाहरुन निशा की शादी हो चुकी थी। बड़ा भाई अलग रहता था और दूसरी बहन अपने ससुराल में। यासीन की भी शादी हो चुकी थी। लेकिन पारिवारिक अनबन की वजह से यासीन की पत्‍‌नी पिछले दस महीने से अपने मायके में रह रही थी।

पहले कत्ल और फिर दी जानकारी

सुबह साढ़े पांच बजे पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी मिली कि एक लड़की ने अपने सगे भाई का कत्ल कर दिया है। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। अस्मतुल ने खुद पुलिस को पूरी जानकारी दी और बताया कि उसने अपने भाई का कत्ल जमीनी लालच में कर दी। कुछ ही देर में अपना बयान बदलते हुए लड़की ने कत्ल की वजह अनैतिक संबंध बताया। मौके पर एसएसपी मंजिल सैनी भी पहुंची। अस्मतुल को घटना स्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया और घटनास्थल पर मौजूद आलाकत्ल बांका, बेल्चा और लोहे की फुकनी बरामद कर लिया।

हर पहलू पर जांच

एसएसपी ने बताया कि लड़की ने अलग अलग बात बतायी हैं। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। लड़की ने पुलिस को बताया कि यासीन उसका उत्पीड़न करता था और उसे अनैतिक संबंध के लिए विवश करता था। लोकलाज के डर से वह शांत रहती थी। मृतक के उत्पीड़न से युवती आहत हो चुकी थी और इसी आक्रोश में उसने भाई को मौत के घाट उतार दिया।

10 महीने से पत्‍‌नी से अलग था

मृतक यासीन की पत्‍‌नी असमा ने बताया कि 3 साल पहले यासीन से उसकी शादी हुई थी। जिससे एक 2 वर्षीय लड़का रेहान भी है। 10 महीने पहले पति पत्‍‌नी में विवाद हुआ था जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है। जिसके बाद से वह अलग रह रहे थे। असमा ने आरोप लगाया कि जब से रेहान का जन्म हुआ मृतक की दोनों बहनें उससे चिढ़ने लगी थी। यही वजह थी कि वह उसे अपने घर नहीं आने देती थीं। असमा ने अस्मतुल पर भी कई गंभीर आरोप लगाये हैं और शक जाहिर किया है कि हत्या में कुछ और लोग भी शामिल हैं, जिनकी शह पर अस्मतुल ने उसके पति की हत्या कर दी।

बार बार बयान बदलती रही कातिल

पूछताछ में असमतुल पुलिस को बार बार बरगलाती रही। पहले बताया कि यासीन उसका शारीरिक उत्पीड़न करता था, फिर बताया कि वह प्रापर्टी बेचना चाहती थी लेकिन उसके लिए उसका भाई तैयार नहीं हुआ। फिर अपनी भाभी के भतीजे सलमान और रिजवान द्वारा अपने भाई की हत्या के लिए उकसाने की बात करती रही। पुलिस को भी शक है कि इस घटना में कोई और भी शामिल हो सकता है। एक लड़की का 24 साल के युवक को अकेले मौत के घाट उतार देना भी जांच अधिकारियों के गले के नीचे नहीं उतर रहा है। जिसकी वजह से किसी और साजिश से भी पुलिस फिलहाल इंकार नहीं कर रही है।