लखनऊ (ब्यूरो)। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए तैयार मूल बजट पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई। जिसमें बजट से जुड़े कई बिंदुओं पर मंथन के साथ ही कई अहम निर्णय भी लिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब साल में दो बार नाला सफाई कराई जाएगी, जिससे पब्लिक को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इसके साथ ही सलेमपुर पतौरा में नया स्टेडियम भी तैयार किया जाएगा। बैठक में वार्ड विकास निधि में फिलहाल कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई।

28 अरब के बजट पर मंथन

शहर सरकार की ओर से इस वित्तीय वर्ष के लिए करीब 28 अरब का बजट तैयार किया गया है। बैठक में कई बिंदुओं पर संशोधन किया गया। अब इस बजट को सदन में रखा जाएगा। जिसके बाद इस पर अंतिम मुहर लग जाएगी। वहीं, सदन में ही वार्ड विकास निधि बढ़ोत्तरी को लेकर भी अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पार्षद पिछले लंबे समय से वार्ड विकास निधि में बढ़ोत्तरी किए जाने की मांग कर रहे हैैं। अभी 1.28 करोड़ पार्षद निधि है।

8 करोड़ नाला सफाई के लिए

शहर सरकार की ओर से मुख्य फोकस नाला सफाई पर किया गया है। साल में दो बार नाला सफाई का कार्य कराया जाएगा। पहले इस मद में 5 करोड़ का बजट रखा गया था, जिसे बढ़ाया गया है। इसी तरह टॉयलेट्स मेंटीनेंस के लिए 50 लाख स्वीकृत किया गया है। रोड मेंटीनेंस व अन्य के लिए 5 करोड़ का बजट तय हुआ है।

स्मार्ट वेंडिंग जोन डेवलप होंगे

शहर सरकार की ओर से सभी जोन में स्मार्ट वेंडिंग जोन डेवलप किए जाने की तैयारी की गई है। इसके लिए 5 करोड़ का बजट रखा गया है। तालाब, स्नानघाट इत्यादि मद में एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। शहर सरकार की ओर से कंप्यूटराइजेशन पर छह करोड़ खर्च किए जाएंगे।

ये निर्णय भी लिए गए

-प्रत्येक वार्ड में कैंप लगाकर हाउस टैक्स वसूली कराये जाने का निर्णय।

-जल संस्थान में जेई तथा अधिशासी अभियंता की तैनाती।

-नगर निगम मुख्यालय, नगर निगम स्टेडियम तथा अधिकारियों के लिए आवास के निर्माण कराये जाने के लिए नक्शा बनाकर प्रस्तुत किया जाना।

-प्रत्येक जोन में अधिक से अधिक पार्कों में नर्सरी बनेंगी।

-नगर निगम की चारों सीमाओं पर नगर निगम, लखनऊ आपका स्वागत करता है लिखा हुआ बोर्ड लगाया जाएगा।

-नगर निगम पार्कों एवं नगर निगम की पार्किंग स्थलों की दीवारों पर विज्ञापन हेतु शुल्क निर्धारित किया जाएगा।

-नगर निगम लखनऊ की क्रेनों को वापस लिये जाने का निर्णय।

-सुलभ संस्था को शौचालय बनाने के लिए दिये गये ठेके की जांच किये जाने का फैसला।

-सभी जोनल अधिकारी अपने जोन में 100-100 वेंडरों को बसाने हेतु मॉडल वेंडिग जोन के लिए प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रेषित किये जाने का निर्णय लिया गया।