लखनऊ (ब्यूरो)। दुबग्गा निवासी शकावत के बेटे की शादी कैंपवेल रोड स्थित अमान लॉन में शादी समारोह चल रहा था। बाजे-गाजे के साथ देर रात लॉन से कुछ दूरी पर तकिया रज्जाबगंज से बारात उठी। बाराती डांस करते हुए गलियारे से गुजर रहे थे। साथ में घर की महिलाएं और बच्चे भी थे। इस बीच कुछ अराजकतत्व बारातियों के बीच घुसे और डांस करने लगे। परिचित न होने पर शकावत के घर वालों ने विरोध किया। इस पर वह हमलावर हो गए। अराजकतत्वों ने बारातियों पर हमला बोल दिया। उन्हें लात-घूसों और बेल्टों से पीटने लगे। बीच बचाव करने महिलाएं दौड़ीं तो हमलावरों ने उन्हें और बच्चों को जमकर पीट दिया।

कई बाराती हुए चोटिल

घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई लोग चोटिल हो गए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस पहुंची तो हमलावर भाग खड़े हुए। वहीं, हमले में कई घायलों को अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना के बाद से बारातियों में दहशत का माहौल है। यह देख आस पड़ोस के लोगों और पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया।

फुटेज से पुलिस ने किया चिन्हित

इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी और बारात में चल रहे वीडियोग्राफर से हमलवारों की फुटेज बरामद कर ली है। हमलावरों को भी चिन्हित कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही हैं।