5 लाख 80 हजार भवन स्वामी शहर में

35 से 40 लाख ही यूजर चार्ज आ रहा

100 रुपये मिनिमम यूजर चार्ज

38 करोड़ के भुगतान का पेंच फंसा

1400 कर्मी करते घरों से कूड़ा कलेक्ट

4 माह से कर्मियों का वेतन का इंतजार

- लगातार पटरी से उतर रही है डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था

- नियमित कूड़ा न उठने से लोग भड़के, नहीं दे रहे यूजर चार्ज

LUCKNOW

आखिरकार एक बार फिर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था बेपटरी होती दिख रही है। पहले जहां 60 से 70 फीसदी घरों से कूड़ा कलेक्ट होने का दावा किया जा रहा था, वहीं अब 40 से 50 फीसदी घरों से ही कूड़ा उठ रहा है और वो भी नियमित नहीं। किसी इलाके में 15 दिन कूड़ा उठाया जा रहा है तो कहीं 20 दिन। जिससे लोगों ने यूजर चार्ज जमा करने से मुंह मोड़ना शुरू कर दिया है। इसे लेकर पब्लिक और यूजर चार्ज वसूली करने आने वाले कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हो रही है।

यूजर चार्ज 30 दिन का

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के एवज में पब्लिक से यूजर चार्ज वसूला जाता है। आवासीय यूजर चार्ज करीब 100 रुपये महीना है। आलम यह है कि नियमित रूप से कूड़ा न उठाए जाने के बावजूद भवन स्वामियों से यूजर चार्ज लिया जा रहा है। ऐसे में भवन स्वामी सवाल उठा रहे हैं कि जब 30 दिन घर से कूड़ा कलेक्ट नहीं किया जा रहा है तो फिर यूजर चार्ज शत प्रतिशत क्यों वसूल किया जा रहा है।

घट गया यूजर चार्ज का ग्राफ

पहले जहां हर महीने करीब 60 से 70 लाख रुपये यूजर चार्ज की वसूली होती थी, वहीं अब यह आंकड़ा 30 से 40 लाख रुपये महीने तक सिमट गया है। जिससे साफ है कि 60 फीसदी जनता ने यूजर चार्ज देना बंद कर दिया है।

चार माह से भुगतान नहीं

ईकोग्रीन कंपनी के सूत्रों की माने तो पिछले तीन से चार माह से कूड़ा कलेक्शन का काम करने वाले कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। इसकी वजह नगर निगम की ओर से भुगतान न किया जाना है। वेतन न मिलने की वजह से ही व्यवस्था पर खासा असर देखने को मिल रहा है।

38 करोड़ का भुगतान

जानकारी सामने आई है कि नगर निगम की ओर से करीब 38 करोड़ रुपये का भुगतान ईकोग्रीन कंपनी को किया जाना है। कंपनी की ओर से कई बार इस संबंध में मांग की जा चुकी है लेकिन अभी तक भुगतान नहीं किया गया है।

विपक्ष भी खासा नाराज

शत प्रतिशत डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन न होने से विपक्षी पार्षद भी नाराज हैं। हाल में ही शहर सरकार के दो साल पूरे होने पर नगर निगम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें विपक्ष के पार्षद शामिल नहीं हुए थे। उनका कहना था कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन समेत कई सुविधाएं जनता को नहीं मिल रही है।

नियमित कूड़ा न उठने से खासी समस्या हो रही है। जब नियमित कूड़ा नहीं उठता है तो यूजर चार्ज पूरे महीने का क्यों लिया जा रहा है।

रोहित सिंह, आशियाना

कभी 4 दिन तो कभी 5 दिन में घर से कूड़ा उठाया जाता है। जबकि हर माह पूरा यूजर चार्ज वसूला जाता है। जो सही नहीं है।

अमित मिश्रा, अमीनाबाद

अगर रोज घर से कूड़ा उठे तो यूजर चार्ज देने में कोई समस्या नहीं है लेकिन स्थिति बेहद खराब है। रोजाना घर से कूड़ा नहीं उठ रहा।

हेमंत भसीन, इंदिरा नगर

शत प्रतिशत घरों से कूड़ा कलेक्शन हो, इसके लिए व्यवस्था बनाई जा रही है। पार्षदों से कहा गया है कि वे चाहें तो खुद भी अपने वार्ड में कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था शुरू करा सकते हैं। यूजर चार्ज को लेकर रिपोर्ट मांगी जाएगी।

संयुक्ता भाटिया, मेयर