लखनऊ (ब्यूरो)। सूर्य उपासना का महापर्व छठ इसबार 30-31 अक्टूबर को मनाया जायेगा। इसको लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। गोमती नदी के तट पर घाटों की सफाई पूरी हो चुकी है। साथ ही सुसुभिता की भी रंगाई-पुताई हो चुकी है। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा छठ घाट लक्ष्मण मेला मैदान पर तैयारी पूरी कर ली गई है।

सुरक्षा व्यवस्था पूरी

अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के मुताबिक, गोमती तट पर छठ पूजा कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण हो गई है। पानी भी पर्याप्त हो गया है। गोमती बैराज को बंद कर दिया गया है ताकि गोमती में पानी बढ़ जाय और घाट पर अघ्र्य देने में पानी की कमी न रहे। इसके साथ ही सफाई, इंटरलॉकिंग, घास की कटाई, फागिंग, स्टीमर, जल पुलिस सुरक्षा व्यवस्था इत्यादि सभी की प्रतिदिन समीक्षा कर भव्य तैयारी की जा रही है।

घाट पर सभी व्यवस्था पूरी

घाट पर आने वाले व्रती को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जायेगा। आने वाले सभी व्रतियों का कोविड टीकाकरण अनिवार्य है। मास्क और सैनेटाइजर की भी व्यवस्था रहेगी। सभी को मास्क लगाना भी अनिवार्य है। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के सभी पदाधिकारी एवं अघ्र्य देने वाले लोगों का वस्त्र लाल रंग का अनिवार्य है। घाट पर आने वाले वाहनों को लक्ष्मण मेला मैदान में अलग व्यवस्था की गयी है, जिसके लिए यातायात पुलिस को तैनात किया गया है। जाम से बचने के लिए सड़क को एकल दिशा मार्ग किया गया है।

सीएम हो सकते हैं मुख्य अतिथि

प्रभुनाथ राय के मुताबिक, इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएम योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह व सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह, अशोक वाजपेयी, मेयर संयुक्ता भाटिया आदि को भी आमंत्रित किया गया है।

होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

लक्ष्मण मेला मैदान में छठ पूजा कार्यक्रम में फिल्मी एवं लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जायेगी, जिसमें सुरेश शुक्ला, अवधेश, एसपी चौहान, सुरेश कुशवाहा, अकरम अंजाना, संतोष, बनारसी सहित 100 से अधिक कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा। इसके अलावा कवि सम्मेलन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। 18 घंटे निरंतर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा एवं 31 अक्टूबर को सुबह 8 बजे कार्यक्रम का समापन किया जायेगा।