लखनऊ (ब्यूरो)। मंडलायुक्त डॉ। रोशन जैकब ने लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा कराये जा रहे निर्माणधीन कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सबसे पहले उन्होंने यूपी दर्शन पार्क में निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। कलाकारों ने ताजमहल, काशी विश्वनाथ मंदिर, फतेहपुर सीकरी, झांसी का किला, विधानभवन, इमामबाड़ा, बांके बिहारी मंदिर, अयोध्या के श्रीराम मंदिर एवं विंध्यवासिनी मंदिर के समस्त निर्माण कार्य अस्सी प्रतिशत पूर्ण करा लिया गया है। शेष बचे कार्य अक्टूबर माह के लास्ट तक पूर्ण करा लिया जायेगा।

एक ही जगह कई आकृतियां देखने को मिलेंगी
मंडलायुक्त ने कहा कि यूपी दर्शन पार्क में एक ही स्थान पर श्रीराम मंदिर सहित कई स्थलों की आकृति शहरवासी देख सकेंगे। स्क्रैप से इसे बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट को भी दर्शाया जाएगा। कुल मिलाकर यूपी दर्शन का एक आकर्षण इस पार्क में दिखेगा।

निमार्णकार्यों का लिया जायजा
इसके बाद मंडलायुक्त ने कैसरबाग चौराहे का रेनोवेशन व फसाड लाइट के चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि झूलते हुए तारों व केबलों को अंडरग्राउंड कर दिया जाए साथ ही डेड पोल को तत्काल हटा दिया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त को निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम अभियान चलाकर चौराहों के अवैध अतिक्रमण एवं अवैध होर्डिंग को हटवाया जाना सुनिश्चित करे। निरीक्षण के क्रम में मंडलायुक्त ने सीनियर सिटीजन पार्क, फ्रेग्नेंस पार्क एवं बेगम हजरत महल पार्क में किये जा रहे साज-सज्जा के निर्माणधीन कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने किये जा रहे कार्यों में गुणवत्ता एवं मानक का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये। हेरिटेज जोन के पार्क में हेरिटेज टाइप सीटिंग बेंच लगायी जायें।