लखनऊ (ब्यूरो)। जगत गुरु साहिब श्री गुरु नानक देव महाराज का प्रकाश उत्सव ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी, नाका हिंडोला की ओर से डीएवी इंटर कालेज में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया

प्रकाश पर्व आयोजन में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जगत गुरु नानकदेव जी का प्रकाश उत्सव पूरे देश-दुनिया में मनाया जा रहा है। मध्यकाल में यह देश विधर्मियों के आतंक से सशंकित था। तब स्वयं के अस्तिव के लिए मानवता गुहार लगा रही थी। उस समय मानवता के उत्थान के लिए जो प्रकाश पुंज प्रकट हुआ, जिन्होंने मानवता कल्याण के लिए व्यापक जन जागरण कल्याण के एक बड़ा काम अपने हाथों में लिया। सिख गुरुओं का अपना इतिहास है। देश-धर्म के लिए बलिदान देने की अनूठी परंपरा, पे्ररणा प्रदान करती है। उससे नई उर्जा समाज को प्राप्त होती है। आज साधन हैं तब भी हम लोगों को आने-जाने में समय लगता है। कई कठिनाइयां महसूस करते हैं, लेकिन उस समय साधन नहीं था, उस समय देश और विदेश में गुरु नानक देव जी ने जाकर धार्मिक उपदेश के माध्यम से मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। हमें इसका ध्यान रखना होगा।

इतिहास से मिलती है प्रेरणा

सीएम ने आगे बताया कि इतिहास पढऩे की वस्तु नहीं, वह प्रेरणा है, मार्गदर्शक है। वह अतीत की गलतियों से सबक सीखने की प्रेरणा देता है। ननकाना साहिब का स्थल हमसे अलग क्यों हुआ, इसपर भी हमें ध्यान करना चाहिए। उनका जीवन देश धर्म के लिए समर्पित था। युगों-युगों तक उनका नाम आदर और श्रद्धा के साथ लिया जाता रहेगा।

गुरु का लंगर हुआ वितरित

समागम में लंगर के तहत आइसक्रीम, चाय, कॉफी, ब्रेड, छोले, जलेबी, कढ़ी-चावल, गन्ने के रस की खीर आदि तरह के अनेक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिये सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मेयर संयुक्ता भाटिया, विधायक राजेश्वर सिंह, सांसद और केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

गुरु नानक देव का प्रकाश उत्सव मनाया गया,सीएम योगी भी पहुंचे मत्था टेकने

फूलों से सजा मंच

कार्यक्रम के दौरान श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद पांच प्यारों की अगुवाई में समूह साध संगत द्वारा श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की शाही सवारी को शबद कीर्तन गायन करते हुए गुरुद्वारा साहिब से नाका हिंडोला होते हुए डीएवी इंटर कालेज में सजे पंडाल में ले जाया गया। भव्य पंडाल बहुत खूबसूरती से सजाया गया था। जिसमें फूलों से सुसज्जित भव्य स्टेज पर श्री गुरुग्रंथ साहिब जी का प्रकाश किया गया।

हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

रागी जत्था भाई सुरजीत सिंह खालसा द्वारा पवित्र आसा-दी-वार का अमृतमयी कीर्तन से कार्यक्रम आरंभ हुआ। लखनऊ एवं आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे तथा पक्तियों में खड़े होकर श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के दर्शन के बाद अपना स्थान ग्रहण कर गुरुबाणी का रसपान किया। आकाशवाणी लखनऊ केंद्र द्वारा आधे घंटे का सीधा प्रसारण करके प्रदेश भर की संगतों को कार्यक्रम का रसास्वादन कराया गया। श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बग्गा ने इस अवसर पर उपस्थित संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई दी।

लाइट एवं लेजर शो ने मन मोहा

कार्यक्रम के दौरान गुरु नानक देव जी के जीवन पर आधारित स्टेज लाइट एवं लेजर शो के रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। पटियाला से आई टीम और कलाकारों ने गुरु नानक देव जी महाराज की शिक्षाओं के ऊपर आधारित लेजर और स्टेज शो का प्रदर्शन किया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

मधुरवाणी से संगत हुई निहाल

कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे भाई सुखवंत सिंह हजूरी रागी ने अपनी मधुरवाणी में कलि तारण गुरु नानक आइया शबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को निहाल किया। पंथ प्रसिद्ध प्रचारक जसवंत सिंह परवाना ने साहिब श्री गुरु नानक देव जी के जीवन पर दिल को छू देने वाले विचार व्यक्त किये। रागी जत्था भाई गुरचरन सिंह ने गुर का शबद सतिगुर नानक प्रगटिआ मिटी धुंध जगि चानणु होआशबद कीर्तन गायन कर संगतों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ज्ञानी सुखदेव सिंह ने गुरमत विचारों द्वारा कथा व्याख्यान किया। केकेएनएस गुरमत संगीत एकेडमी एवं सिमरन साधना परिवार के बच्चों एवं माता गुजरी सत्संग सभा की सदस्याओं ने भी इस कार्यक्रम में शबद कीर्तन गायन किया।