लखनऊ (ब्यूरो)। सिख पंथ के संस्थापक और जगत गुरु साहिब गुरु नानक देव महाराज का प्रकाश उत्सव राजधानी में बेहद धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान गुरुद्वारा में विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मत्था टेका। इस दौरान गुरु का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुद्वारा आशियाना पहुंचकर मत्था टेका।

शाही सवारी निकाली गई

ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी नाका हिंडोला की ओर से डीएवी इंटर कॉलेज में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ प्रकाश उत्सव मनाया गया। श्री अखंड पाठ साहिब जी की समाप्ति के बाद पांच प्यारों की अगुवाई में समूह साध संगत द्वारा श्री गुरुग्रंथ साहिब की शाही सवारी को शबद कीर्तन गायन करते हुए पंडाल में ले जाया गया। फूलों से सुसज्जित भव्य पंडाल एवं भव्य स्टेज पर श्री गुरुग्रंथ साहिब का प्रकाश किया गया। रागी जत्था भाई राजिंदर सिंह द्वारा पवित्र आसा की वार के अमृतमयी कीर्तन से कार्यक्रम आरंभ हुआ।

शबद गायन से किया निहाल

आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन के बाद अपना स्थान ग्रहण कर गुरुबाणी का रसपान किया। आकाशवाणी लखनऊ केंद्र द्वारा आधे घंटे का सीधा प्रसारण करके प्रदेश भर की संगतों को कार्यक्रम का रसास्वादन कराया गया। श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बग्गा ने इस अवसर पर उपस्थित संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई दी। वहीं, विशेष रूप से पधारे भाई जसबीर सिंह ने अपनी मधुरवाणी में कलि तारण गुरु नानक आइया।। शबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को निहाल किया। प्रचारक सुखदेव सिंह ने साहिब श्री गुरु नानक देव के जीवन पर दिल को छू देने वाले विचार व्यक्त किये। रागी जत्था भाई सुरजीत सिंह ने गुरु का शबद सतिगुर नानक प्रगटिआ मिटी धुंध जगि चानणु होआ।। शबद कीर्तन गायन कर संगतों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सिमरन साधना परिवार के बच्चों एवं माता गुजरी सत्संग सभा की सदस्याओं ने भी इस कार्यक्रम में शबद कीर्तन गायन किया।

गुरु का प्रसाद हुआ वितरित

डीएवी इंटर कॉलेज में दिन भर गुरबाणी कीर्तन तथा गुरमत विचारों का कार्यक्रम चला, जिसका संचालन सतपाल सिंह मीत ने किया। समागम में लंगर के वितरण की सेवा सिख यंग मेंस एसोसिएशन एवं दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा की गयी। कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संगत की सेवा आइसक्रीम, चाय, काफी, ब्रेड, छोले, जलेबी, कढ़ी चावल, गन्ने के रस की खीर आदि अनेक तरह के व्यंजनों के स्टाल लगाकर की गई। अरदास के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

फूलों की हुई वर्षा

ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी यहियागंज में श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर देर रात्रि तक विशेष दीवान सजाया गया। गुरुद्वारा सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि डॉ। गुरमीत सिंह के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री दरबार साहब अमृतसर से सिंह साहब ज्ञानी राजदीप सिंह एवं भाई जबड़तोड़ सिंह एवं भाई इंदरपाल सिंह ने कथा एवं शबद कीर्तन द्वारा संगतों को निहाल किया। वहीं, रात्रि 1 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहब जी के ऊपर गुलाब के फूलों की वर्षा हुई। कार्यक्रम की समाप्ति पर विशेष मिष्ठान प्रसाद एवं गुरु का लंगर वितरित किया गया।