लखनऊ (ब्यूरो)। अलीगंज में शाम के समय एक रोड पर जा रही एक महिला को एक व्यक्ति ने रोका और गालियां देने के बाद उसके गले पर चापड़ से वार कर दिया। चापड़ के एक ही वार से महिला महिला रोड पर गिर गई और उसने दम तोड़ दिया। बीच रोड हुई इस वारदात से लोग दहशत में आकर घरों में चले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने इस घटना के बारे में किसी भी तरह की कोई जानकारी होने से ही इंकार कर दिया। बाद में पुलिस को पता चला कि महिला की हत्या करने वाला कोई और नहीं, उसका ही पति है।

चार साल से अलग रह रहे थे दोनों

मृतका रिंकी की शादी 11 साल पहले राजकुमार से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। दो बड़े बेटे राजकुमार के साथ रहते हैं और छोटा बेटा रिंकी के साथ रहता है। पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते वे चार साल से अलग रहे रहे थे। बताया जा रहा है कि राजकुमार को रिंकी के चरित्र पर शक था। अवैध संबंध के शक में ही उसने रिंकी को मौत के घाट उतार दिया।

काम पर जा रही थी रिंकी

बेटी की हत्या की सूचना मिलते ही संगीता वहां पहुंची और गश खाकर गिर गई। उन्होंने बताया कि रिंकी घरों में झाडू-पोछा का काम करती है। वह शाम को घर से साइकिल से निकली थी। संगीता ने बताया कि राजकुमार बेटी के चरित्र पर शक करता था। अलग रहने के बाद भी वह उसे चैन से जीने नहीं दे रहा था। अब जब तक उसे फांसी नहीं हो जाती है, मैं चैन से नहीं बैठूंगी।

युवक ने आरोपी को दबोचा

पत्नी की हत्या करने के बाद राजकुमार चापड़ लिए कुछ देर वहीं खड़ा रहा। रोड पर मौजूद सभी लोग अपने घरों में चले गए थे लेकिन जिस जगह हत्या हुई, उसके सामने के मकान में किराए पर रहने वाले अमन ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। डीसीपी उत्तरी डॉ। एस चन्नप्पा ने बताया कि अवैध संबंधों के शक में राजकुमार ने पत्नी रिंकी की हत्या की है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अलीगंज इलाके में एक महिला की हत्या उसके पति ने कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

-डॉ। शिवासिम्पी चन्नप्पा, डीसीपी उत्तरी