40 हजार घर गोमती नगर में

22 हजार घरों से वेस्ट होता कलेक्ट

15 दिन में 100 प्रतिशत का लक्ष्य

42 नई गाडि़यां मंगाई गई

- जोन चार में सबसे पहले 100 परसेंट घरों से उठेगा कूड़ा

- निगम प्रशासन का प्लान तैयार, हजरतगंज दूसरे नंबर पर

LUCKNOW:

नगर निगम की ओर से शहर के इलाकों को वेस्ट फ्री बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसकी शुरुआत सबसे पहले गोमती नगर से की जा रही है। अगले 15 दिन के अंदर यहां शत प्रतिशत घरों से वेस्ट कलेक्शन का लक्ष्य रखा गया है।

22 हजार घरों से उठता कूड़ा

गोमती नगर एरिया में 40 हजार घर हैं और अभी 22 से 24 हजार घरों से ही वेस्ट कलेक्ट किया जाता है। बाकी 15 से 16 हजार भवन स्वामियाें को घर का वेस्ट या तो इधर-उधर फेकना पड़ता है या फिर प्राइवेट कर्मियों के भरोसे रहना पड़ता है। प्राइवेट कर्मी इसके लिए उनसे हर माह 150 से 200 रुपए लेते हैं।

बढ़ाए जाएंगे संसाधन

गोमती नगर एरिया के सभी 40 हजार घरों को डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन की सुविधा से जोड़ने के लिए सबसे पहले मशीनरी को बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए नई कूड़ा कलेक्शन गाडि़यां आ चुकी हैं। गाडि़यों की संख्या बढ़ने से हर घर को वेस्ट कलेक्शन से कवर किया जा सकेगा। हर एक गाड़ी की वेस्ट कलेक्शन संबंधी टाइमिंग नोट की जाएगी। जिससे किसी स्तर पर लापरवाही न हो सके।

15 घरों का ग्रुप

व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 15-15 घरों का ग्रुप बनाया गया है। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी लगा दी गई है। जिसकी मदद से यह पता लग रहा है कि अभी कितने बजे घरों से वेस्ट कलेक्ट हो रहा है।

फिर हजरतगंज का नंबर

गोमती नगर के बाद हजरतगंज एरिया के अंतर्गत आने वाले वार्डो को शत प्रतिशत वेस्ट कलेक्शन सुविधा से जोड़ा जाएगा। इसका एक्शन प्लान भी तैयार किया जा चुका है। इस मंथ के अंतिम सप्ताह में हजरतगंज में शत प्रतिशत वेस्ट कलेक्शन का काम शुरू हो जाएगा।

अगले 15 दिन के अंदर शत प्रतिशत घरों से वेस्ट कलेक्शन का काम शुरू हो जाएगा। इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

सुजीत श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी, जोन 4