लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में होली का त्योहार दो दिन बड़े जोश और उमंग के साथ मनाया गया। हालांकि, इस दौरान हुड़दंगई करना लोगों को भारी पड़ गया। वहीं, नशे में होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों का एक्सीडेंट हुआ और मारपीट आदि के चलते भी कई लोग घायल हुए। राजधानी के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में होली के हुड़दंग में 400 से अधिक घायल पहुंचे। अभी अस्पतालों में करीब 200 से अधिक मरीज भर्ती होकर अपना इलाज करवा रहे हैं। विभिन्न अस्पतालों में कुल 20 मौतें भी हुईं।

स्किन और आंख की समस्या बढ़ी

होली पर हुए सड़क हादसों में घायल हुए लोगों की संख्या अधिक रही। इसके अलावा, मिलावटी रंग खेलने के कारण स्किन और आंख की समस्या वाले मरीज भी इलाज कराने पहुंचे। अस्पतालों की इमरजेंसी में बड़ी संख्या में घायलों और मरीजों के आने से अफरातफरी का माहौल बना रहा। काफी लोग नशे की हालत में पहुंचे, जिससे काफी हंगामा भी हुआ। इनमें महिलाओं की संख्या भी काफी थी। सभी को प्राथमिक इलाज देकर वापस भेज दिया गया।

केजीएमयू: कई भर्ती, कई की मौत

केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉ। संदीप तिवारी के मुताबिक, होली के दिन ट्रॉमा सेंटर में 287 मरीज इलाज के लिए आये। इसमें सात मृत अवस्था में आए और सात गंभीर रूप से घायल मरीजों की इलाज के दौरान जान चली गई। इसमें चार लोगों की गोली लगने से जान गई। होली के हुड़दंग में हुए सड़क हादसों में घायल 98 लोग अस्पताल आए। इसमें कई अभी भर्ती हैं। सड़क हादसे में जख्मी कई मरीजों ने शराब पी रखी थी। जो भर्ती हैं उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं, लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ। एपी जैन के मुताबिक, होली के हुड़दंग में 60 लोग सड़क हादसे में जख्मी होकर इलाज कराने पहुंचे, जिन्हें प्राथमिक उपचार मुहैया कराया गया। किसी भी मरीज को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी।

बलरामपुर: 55 मरीज भर्ती

दूसरी ओर बलरामपुर अस्पताल में भी बड़ी संख्या में घायल मरीज इलाज के लिए पहुंचे। सीएमएस डॉ। जीपी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को 24 घंटे में 295 मरीज इमरजेंसी में पहुंचे। जिसमें 55 मरीजों को एडमिट किया गया। वहीं 65 को टांके लगाकर ड्रेसिंग करके वापस घर भेज दिया गया। तीन मरीजों में रंग खेलने के दौरान आंखों में एलर्जी हो गई थी। 17 शराब के सेवन के चलते गंभीर हालत में जख्मी होने के बाद अस्पताल पहुंचे थे।

सिविल: 27 मरीज भर्ती

सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ। आरपी सिंह ने बताया कि बुधवार को 24 घंटे में 570 मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें से 27 को भर्ती किया गया है। होली के हुड़दंग वाले करीब 109 केस रहे। इनमें से गंभीर हेड इंजरी के 6 मरीजों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था, बाकी मरीजों का उपचार करके उन्हें घर भेज दिया गया।

लोकबंधु: 102 मरीज पहुंचे

लोकबंधु अस्पताल के एमएस डॉ। अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि 24 घंटे में कुल 102 मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें से दो मृत अवस्था में लाए गए थे। वहीं, तीन गंभीर रूप से जख्मी मरीजों को भर्ती करके इलाज किया जा रहा है। बाकी मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।