लखनऊ (ब्यूरो)। फैजुल्लागंज के अंतर्गत आने वाली कृष्णलोक कॉलोनी में हालात बेहद नारकीय हैैं। यहां न तो जलनिकासी के इंतजाम हैैं और न ही गलियों में सफाई होती है। जिससे हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम की ओर से हालातों में सुधार लाने का दावा तो किया जाता है लेकिन ये दावा सिर्फ कागजों में ही सिमट कर रह जाता है।

घनी आबादी वाला एरिया

यहां पर करीब 15 हजार की आबादी है। इसके बावजूद यहां पर समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। हैरानी की बात तो यह है यहां कि कोई भी समस्या नई नहीं है, सभी समस्याएं लंबे समय से व्याप्त हैैं और इन्हें दूर करने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई जा रही है। जिससे गुजरते वक्त के साथ हालात बेहद भयावह होते जा रहे हैैं।

ये हैैं प्रमुख समस्याएं

1-जलनिकासी

इस कॉलोनी में जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। जिससे यहां पानी भरा हुआ देखा जा सकता है। घरों के सामने और खाली प्लॉट्स में पानी भरा होने के कारण डेंगू व अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। निगम और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सफाई अभियान से लेकर छिड़काव भी कराया जा रहा है लेकिन इसे समस्या का समाधान नहीं माना जा सकता है।

2-खाली प्लॉट

इस कॉलोनी की लगभग हर गली में दो से तीन प्लॉट खाली हैैं। ओवरऑल कॉलोनी की बात करें तो 1 हजार से अधिक खाली प्लॉट हैैं। ये प्लॉट लोगों के लिए मुसीबत भरे साबित हो रहे हैैं। एक तो इनमें पानी भरा हुआ है और दूसरी तरफ इनमें कूड़ा भी फेंका जा रहा है। जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा और भी ज्यादा गहरा गया है।

3-सफाई व्यवस्था

स्थानीय निवासियों का कहना है कि एरिया में सफाई व्यवस्था बेहद लचर है। निगम के सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं आते हैैं और वेस्ट कलेक्शन की भी सुविधा नहीं है। जिसके कारण खाली प्लॉट या रोड पर ही वेस्ट फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

4-चोक नालियां

इस कॉलोनी में ज्यादातर नालियां चोक हैैं और उनमें गंदगी के ढेर लगे हुए हैैं। नालियों के चोक होने के कारण भी जलनिकासी की समस्या सामने आ रही है। कई स्थानों पर नालियों पर अवैध निर्माण भी हैैं। जब तक नालियां साफ नहीं होंगी, जलभराव की समस्या का अंत होना संभव नहीं है।

ये है लोगों की मांग

1-नियमित सफाई अभियान चले

2-खाली प्लॉट्स में लगे कूड़े के ढेर हटे

3-जलनिकासी की व्यवस्था की जाए

4-वेस्ट कलेक्शन की सुविधा मिले

5-मेडिकल कैंप भी लगाए जाएं

बच्ची की मौत की सूचना से हड़कंप

इस कॉलोनी में रहने वाली चार वर्षीय मासूम पलक की मौत की सूचना के बाद नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉ। मनोज अग्रवाल से लेकर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और डायरिया इत्यादि बिंदुओं की जांच की। इसके साथ ही नगर निगम की ओर से पूरे इलाके में व्यापक सफाई अभियान भी चलाया गया और नालियों और खाली प्लॉट में कीटनाशक का छिड़काव भी किया गया।

क्या कहना है लोगों का

इलाके में लंबे समय से अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। जिसकी वजह से हर किसी को खासी परेशानी उठानी पड़ती है। गंदगी के ढेर होने से बीमारियों के फैलने का भी खतरा रहता है।

-सूरज कश्यप

लंबा वक्त गुजर चुका है लेकिन अभी तक इलाके में व्याप्त समस्याओं को दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। सबसे ज्यादा मुसीबत तो इलाके में स्थित खाली प्लॉट हैैं।

-अखिलेश अवस्थी

पूरे क्षेत्र में खाली प्लॉट एक गंभीर समस्या बन चुके हैैं। लगभग सभी प्लॉट में कूड़े के ढेर लगे हुए हैैं साथ ही उनमें पानी का भी जमाव है। जिसकी वजह से ही लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैैं।

-रामविलास शर्मा

जिम्मेदार विभागों को तत्काल एक्शन मोड में आना चाहिए और कॉलोनी में व्याप्त समस्याओं को दूर करने के लिए ठोस रणनीति बनानी चाहिए। जिससे एरिया में रहने वाले हजारों लोगों को समस्याओं से राहत मिल सके।

-ममता त्रिपाठी