- हजरतगंज क्षेत्र की घटना, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

- वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण,

LUCKNOW:

हजरतगंज क्षेत्र में एक किशोरी के मुंह बोले मामा ने पांच साल पहले धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच साल तक यौन शोषण करता रहा। किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल दिखाने के बहाने बुलाता था

किशोरी ने बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं। वह भाई के साथ नानी के पास रहती है। पड़ोस में रिश्ते के मामा सनी रहते हैं। उन्होंने पांच साल पहले मोबाइल दिखाने के बहाने घर बुलाया था। वहां डरा धमकाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया। विरोध पर धमकी दी और पिटाई की। वीडियो वायरल करने और घर वालों को दिखाने की धमकी देकर वह घर बुलाता और दुष्कर्म करता। मंगलवार देर शाम विरोध पर सनी ने पीटा। प्रताड़ना से त्रस्त होकर नानी को पूरे मामले की जानकारी दी। रात में घर वालों के साथ हजरतगंज थाने पहुंचकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर हजरतगंज श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित सनी के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कई बार किया जान से मारने का प्रयास

पीडि़ता के मुताबिक दुष्कर्म के विरोध पर आरोपित सनी उसका मुंह दबा देता। इसके साथ ही जमकर पीटता था। इतना ही नहीं, कई बार तो गला दबाकर मारने की भी कोशिश की। सनी की यातनाओं से त्रस्त होकर घर वालों को जानकारी दी।