लखनऊ (ब्यूरो)। नगर निगम की ओर से एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य फोकस नालियों पर काबिज कब्जों पर था। एक दो स्थानों पर विरोध का प्रयास हुआ लेकिन पुलिस फोर्स की मौजूदगी के कारण अभियान पर असर नहीं पड़ा।

इन जगहों पर हुई कार्रवाई

जोन-1 में जोनल अधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में बर्लिंग्टन से हुसैनगंज चौराहा एवं विधानसभा मार्ग अटल चौक तक अभियान चलाया गया। यहां छह स्थानों से नाली पर किये गये अतिक्रमण हटाए गए। वहीं, 15 चार पहिया व 12 दो पहिया वाहनों को रोड पर से हटाया गया। इसी तरह जोन-2 में राजेन्द्र नगर वार्ड में नाका चौराहे से रकाबगंज तक की बायीं पटरी व नाका चौराहे से राजेन्द्र नगर पड़ाव तक अभियान चलाया गया। उधर जोन-4 में लोहिया हास्पिटल के आस पास, कठौता चौराहा से चिनहट तिराहे के रास्ते फैजाबाद रोड होते हुए हाईकोट तक अतिक्रमण हटाए गए। जोन-5 आलमबाग में स्टेट बैंक रोड से होते हुए आलमबाग चौराहा तक बायीं पटरी तक अवैध कब्जे हटाए गए। इसी तरह जोन-6, 7 और 8 में भी अवैध कब्जे हटाए गए।

नाला सफाई में लापरवाही, जोनल सेनेटरी ऑफिसर को नोटिस

मेयर संयुक्ता भाटिया ने एक बार फिर सोमवार को नाला सफाई की स्थिति देखी। एक स्थान पर लापरवाही मिलने के कारण जोनल सेनेटरी ऑफिसर को नोटिस दी गई। मेयर ने हैदरगंज प्रथम वार्ड के कई नालों और चौक स्थित पाटा नाला की सफाई व्यवस्था देखी। कई प्वाइंट्स पर खामियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। हैदरगंज में स्वास्थ्य विभाग द्वारा साफ किये नालों पर नाराजगी जताते हुए जोनल सेनेटरी अफसर सतेन्द्र कटियार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मेयर ने बीबीगंज का नाला, हसियामऊ और कैंपवेल रोड नाला का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता पीके सिंह को फटकार लगाते हुए हैदरगंज और बीबीगंज नालों को तीन दिन के अंदर फिर साफ करने के निर्देश दिए।