लखनऊ (ब्यूरो)। पारा इलाके के मुन्नूखेड़ा में अपाचे बाइक सवार 37 वर्षीय राम सजीवन बुधवार दोपहर करीब 100 की रफ्तार में बिना हेलमेट पहने फर्राटा भर रहे थे। बाइक सड़क किनारे पड़ी गिट्टी और मिट्टी में जाने से अनियंत्रित हुई और नीचे उतर गई। हादसे में राम सजीवन हवा में उछले और बाइक से करीब 30 फीट दूर जा गिरे। जबकि पीछे बैठा उनका साथी सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में रामसजीवन की मौत हो गई और साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद हो गई। वहीं, बंथरा, सरोजनीनगर, विकासनगर, नगराम और गोसाईगंज में हुए सड़क हादसों में आठ अन्य लोगों की मौत हुई और कई घायल हो गए।

दोस्त के साथ होली मनाने निकला था

मलिहाबाद के महमूदनगर में रहने वाले 37 वर्षीय राम सजीवन बुधवार दोपहर दोस्त राहुल के साथ अपाचे बाइक से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिना हेलमेट लगाए राम सजीवन करीब 100 की रफ्तार में बाइक चला रहे थे। पारा के मुन्नूखेड़ा में तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के कारण अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क के नीचे उतरी। इस दौरान राम सजीवन बाइक से नियंत्रण खो बैठे और उछलकर सड़क पर गिरे। बाइक करीब 30 मीटर पहले छूट गई। हादसे में राम सजीवन और राहुल घायल हो गए। ट्रामा सेंटर में डाक्टरों ने राम सजीवन को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल की हालत नाजुक है। इंस्पेक्टर पारा टीबी ङ्क्षसह ने बताया कि सड़क किनारे गिट्टी और मिट्टी के कारण बाइक अनियंत्रित हुई थी। पारा के मुन्नूखेड़ा के पास जहां हादसा हुआ है उस रोड की गति सीमा 40 की है। इसके बाद भी राम सजीवन 100 की रफ्तार में बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहे थे।

बाइक के सामने सांड़ आने से हुआ हादसा

विकासनगर सेक्टर आठ के बिजली कर्मी जुनैद सोमवार शाम पत्नी राना को लेकर डाक्टर के पास गए थे। वापस आ रहे थे तो चौराहे के पास सामने सांड़ आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में जुनैद और उनकी पत्नी बाइक से नीचे गिर गईं। जुनैद सिर के बल गिरे थे। दोनों घायलों को पुलिस ट्रामा ले गई जहां डाक्टरों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया। पत्नी राना भर्ती हैं।

महिला को तेज रफ्तार वाहन में मारी टक्कर

विकासनगर की 39 वर्षीय विनीता सोनकर सोमवार देर रात इंजीनियङ्क्षरग कालेज के पास से अपनी दोस्त रूबी की दुकान से लौट रही थीं। इस बीच किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में विनीता घायल हो गईं। पुलिस ने विनीता के पास मिले मोबाइल से भाई अवधेश को सूचना दी। ट्रामा सेंटर में डाक्टरों ने विनीता को मृत घोषित कर दिया।

कार ने बाइक में मारी टक्कर, एक की मौत

बंथरा के कुरौनी गांव में रहने वाले 43 वर्षीय लालाराम को मंगलवार रात कार ने टक्कर मार दी। लालराम को अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिपहरी गांव निवासी 24 वर्षीय विनोद, 27 वर्षीय साथी अशोक के साथ बुधवार शाम बाइक से जा रहे थे। बरकोता गांव के पास उनकी बाइक बिजली के पोल से टकरा गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां, डाक्टरों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया, जबकि अशोक की हालत गंभीर है।

ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से हुई मौत

सरोजनीनगर में ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मंगलवार को 45 वर्षीय बुद्धीलाल की मौत हो गई। बुद्धीलाल उन्नाव जनपद के अजगैन के रहने वाले थे। वहीं, सरोजनीनगर में तेज रफ्तार स्कूली वैन डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चालक जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वैन दिल्ली पब्लिक स्कूल बंथरा की है। वैन में बच्चे नहीं थे।

बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

गोसाईगंज में मोहारी कला हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 65 वर्षीय बृजलाल उर्फ बिरजू की मौत हो गई। वह मोहारीकला गांव के रहने वाले थे। परिवार में पत्नी ब्रजरानी और तीन बच्चे हैं।

बाइक पुलिया से टकराई, युवक की मौत

नगराम में तेज रफ्तार बाइक नहर पुलिया से टकरा कर नीचे गिर गई। हादसे में 22 वर्षीय लाला उर्फ मनीराम की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी इंद्रपाल घायल हो गया। वहीं, इटौंजा के गोहना खुर्द में रहने वाले 33 वर्षीय सुनील ससुराल जा रहे थे। इस बीच उमरा चौकी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई। जहां, डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सिर सुरक्षित तो सब सुरक्षित

-हेलमेट बीआईएस (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) होना चाहिए या आइएसआइ मार्का और 4151 स्टैंडर्ड का होना चाहिए।

- हेलमेट की स्ट्रिप अवश्य बांधें। बिना स्टिप बांधे हेलमेट कतई न चलाएं।

- हेलमेट पहनते समेय ठुड्ढी और स्ट्रिप में एक अंगूठे का गैप होना चाहिए।

- हेलमेट के अंदर का कुसन ठीक होना चाहिए। वह टूटा न हो।

- हेलमेट को तीन से चार साल में अवश्य बदल देना चाहिए। अगर वह सही हो तब भी।

- अगर हेलमेट चटका या फटा हो तो उसका प्रयोग न करें।