लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में किन-किन इलाकों में पौधरोपण किया गया और कहां कितने पौधे लगाए गए, अब इसकी जानकारी पलक झपकते ही मिल जाएगी। यह भी आसानी से पता चल सकेगा कि कितने पौधे सूख गए हैैं। दरअसल, माई ट्री एप के माध्यम से पौधरोपण से जुड़ी सारी जानकारियां आसानी से मिल जाएंगी और इसकी ट्रैकिंग की जा सकेगी। जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागों को इस एप से अवगत करा दिया गया है। सभी को निर्देश दिए गए हैैं कि इस एप के माध्यम से पौधरोपण की प्रॉपर मॉनीटरिंग की जाए ताकि कोई भी पौधा सूखने न पाए। यह भी निर्देश दिए गए हैैं कि समय-समय पर पौधरोपण प्वाइंट्स पर जाकर पौधों की स्थिति की रिपोर्ट भी तैयार करें और उसे एप पर अपलोड करें।

36 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

शासन से आए निर्देशों के आधार पर जिला प्रशासन की ओर से इस मानसून में करीब 36 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए एलडीए, नगर निगम और वन विभाग इत्यादि की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। इस बार पूरा फोकस पौधरोपण के बाद मॉनीटरिंग पर रहेगा ताकि एक भी पौधा सूखे नहीं और राजधानी में हरियाली बनी रहे। संबंधित विभागों की ओर से एरियावाइज जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत लोगों को पौधरोपण के प्रति जागरूक किया जाएगा। नगर निगम की ओर से अपने सभी जोन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे और लोगों को घर के बाहर एक-एक पौधा लगाने के लिए जागरूक किया जाएगा। अगर घर के बाहर स्थान नहीं है तो छत या परिसर में पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नक्षत्र वाटिका बनायी गई

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर वीसी अक्षय त्रिपाठी के नेतृत्व में प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बड़े स्तर पर पौधे लगाए, जिसमें आम जनता द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क और विपिन खंड स्थित प्राधिकरण भवन में पौधरोपण किया गया। उनके द्वारा आम, आंवला और लोकाट के पौधे रोपित किये गए। इस दौरान दोनों जगहों पर 9 पौधों के चक्र से नवग्रह और 27 पौधों के चक्र से नक्षत्र वाटिका बनायी गई। इसके अलावा शारदा नगर विस्तार योजना में और सृष्टि अपार्टमेंट में स्थानीय लोगों के सहयोग से बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया।