- सीएम बोले, मैं तो चिट्ठी लिखता रहता हूं मगर बजट में यूपी को कुछ नहीं मिला

LUCKNOW: अधिकारी पहले हमारे साथ नहीं थे, आगे भी भरोसा है कि साथ नहीं रहेंगे। इसलिए सावधान रहना जरूरी है। सपा सरकार लोकतंत्र पर भरोसा रखती है। चार साल के दौरान हमने किसी को नाजायज परेशान नहीं किया। कोई भी खबर सरकार के लिए सूचना होती है। इससे सरकारी तंत्र को सुधारने में मदद मिलती है। सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में न्यूज वेब पोर्टल 'इंडियाज पेपर' की लांचिंग के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यह बात कही।

वित्त मंत्री भी नाव और पतवार जोड़ रहे

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैंने विधानसभा में एक शेर पढ़ा तो पूरा विपक्ष शेरो-शायरी करने लगा। वित्त मंत्री भी नाव और पतवार को साथ में जोड़ रहे हैं। कहा कि समाजवादियों के खिलाफ खबरें ज्यादा छपती हैं। न्यूज चैनल अभी महज 25 साल के हुए हैं। जवानी में की गयी गलतियों को माफ कर देना चाहिए। कई बार ऐसी खबरें भी होती हैं जिन्हें नहीं होना चाहिए। डिजिटल व‌र्ल्ड में अब लोगों को लिखने का मौका मिल रहा है। लोग भूल जाते हैं कि सेल्फी कहां लेनी चाहिए।

रेल बजट में कुछ नहीं मिला

अखिलेश ने कहा कि रेल बजट में यूपी को कुछ नहीं मिला। मैं तो समय पर चिट्ठियां लिखता हूं कि शायद कुछ मिल जाए। लौट कर देखेंगे कि केन्द्रीय बजट में यूपी को क्या मिला। कहा कि रिवर फ्रंट, एक्सप्रेस वे पूरे देश के लिए उदाहरण बनेंगे। 17 लाख लैपटॉप बांटे, हर लैपटॉप की अपनी कहानी है। कितने लोगों के सपने इसकी मदद से पूरे हुए होंगे। जरूरी नहीं कि वे बाद में हमारा साथ दें। कार्यक्रम में मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, राजेन्द्र चौधरी, मुख्य सचिव आलोक रंजन, प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल, फिल्म अभिनेत्री महिमा चौधरी आदि मौजूद थे।