लखनऊ (ब्यूरो)। श्रीराम लीला समिति ऐशबाग के तत्वावधान में रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में 24 अक्टूबर को होने वाले दशहरा पर सनातन धर्म के विरोध का दमन हो शीर्षक से रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। यह जानकारी समिति के सचिव पं। आदित्य द्विवेदी ने दी। संडे को रामलीला मंचन में अशोक वाटिका में रावण सीता संवाद, त्रिजटा सीता संवाद, राम लक्ष्मण संवाद, क्रोधित लक्ष्मण का सुग्रीव के पास जाना, सीता खोज, हनुमान का लंका प्रस्थान, लंका दहन की लीला हुई।

भावपूर्ण प्रस्तुति दी

रामलीला से पूर्व हुमा साहू के नृत्य निर्देशन में सुभद्रा नृत्य निकेतन के कलाकारों ने कथक नृत्य नाटिका में भगवती देवी दुर्गा के नव रूप के दर्शन कराए। अमित कुमार शर्मा के नृत्य निर्देशन में सृजन डांस परफार्मिंग आर्ट के कलाकारों ने भक्ति भावना से परिपूर्ण नृत्य प्रस्तुति दी।

हनुमान जी लंका पहुंचे

रामलीला का आरंभ रावण सीता संवाद से हुआ। अशोक वाटिका में रावण सीता माता से कहता है कि वह उसकी बात मान ले और उसकी पत्नी बन जाएं। इस पर सीता कहती है कि वह राम के सिवा किसी और की नही हो सकती हैं। तभी त्रिजटा, अशोक वाटिका में आती है। रावण उससे कहता है कि वह सीता को समझाये कि वह मेरी बात मान ले। अगली प्रस्तुति में राम लक्ष्मण संवाद और क्रोधित लक्ष्मण का सुग्रीव के पास जाने की लीला हुई। फिर सीता खोज, हनुमान का लंका प्रस्थान, समुद्र लांघना और विभीषण हनुमान संवाद लीला हुई। इस प्रसंग में हनुमान, अगंद, जामवंत और सारी वानर सेना सीता को ढूंढने के लिए समुद्र किनारे पहुंचती है। जहां हनुमान उड़कर लंका पहुंच जाते हैं।

और लंका जल गई

रामलीला के अगले क्रम में विभीषण हनुमान संवाद, हनुमान सीता संवाद और अशोक वाटिका विध्वंस लीला हुई। हनुमान अशोक वाटिका में अशोक के पेड़ पर बैठकर उपर से भगवान राम की अंगूठी, सीता की गोद में गिरा देते हैं। भगवान राम की चूड़ामणि देखकर सीता प्रसन्न होती हैं और हनुमान उतरकर सीता के पास जाकर खड़े होते हैं। सीता को अपने और राम जी के बारें में पूरी बात बताते हैंं। इस लीला के बाद अशोक वाटिका विध्वंस लीला, अक्षय वध, हनुमान का ब्रहृाफांस में बांधना, रावण हनुमान संवाद और लंका दहन लीला हुई। रावण सैनिकों को आज्ञा देते है कि वानर की पूछ में आग लगा दो और पूछ में आग लगते ही हनुमान लंका में आग लगाकर सीता के पास जाते हैं और उनसे आज्ञा लेकर हनुमान वापस पंचवटी पहुंचते हैं।