लखनऊ (ब्यूरो)। प्रभु श्रीराम के आगमन के लिए राजधानी को भी नई दुल्हन की तरह सजाया संवारा जा रहा है। प्रमुख चौराहों से लेकर प्रमुख मार्गों पर आकर्षक लाइटिंग लगाई जा रही है। मार्केट्स में भी प्रभु राम के कटआउट लगाए जा रहे हैैं और प्रभु से जुड़े एंट्री गेट भी लगवाए जा रहे हैैं। व्यापारियों की ओर से जगह-जगह पर रामध्वज लगाए जा रहे हैैं साथ ही दुकानों में जा जाकर ध्वजों और अक्षत का वितरण भी किया जा रहा है।

भूतनाथ मार्केट में लगाया गया गेट

इंदिरानगर स्थित भूतनाथ मार्केट की बात की जाए तो यहां पर व्यापारियों की ओर से भगवान राम को समर्पित एंट्री गेट लगवाया गया है। इसके साथ ही यहां पर दुकानों और बिल्डिंग्स के ऊपर राम ध्वज भी लगाए गए हैैं। यहां पर स्थित पार्किंग में भी चारों तरफ आपको रामध्वज नजर आ जाएंगे। व्यापारियों की ओर से 22 जनवरी को मार्केट में भव्य कार्यक्रम का भी आयोजन किए जाने की तैयारी की जा रही है।

चौराहों को भी सजाया रहा

व्यापार मंडलों की ओर से हजरतगंज, पत्रकारपुरम, मुंशी पुलिया, गोमतीनगर, अलीगंज समेत कई चौराहों पर रामध्वज लगवाए गए हैैं। इसके साथ ही लाउड स्पीकर भी लगवाए जा रहे हैैं, जिस पर रामधुन बज रही है। फैजुल्लागंज एरिया में भी मकानों की छतों पर रामध्वज नजर आ रहे हैैं। 22 जनवरी के मौके को यादगार बनाने के लिए कई घरों में भी भव्य आयोजन की तैयारियां की गई हैैं। इसके लिए रामायण का पाठ करने वालों को बुलाया गया है। कई मोहल्लों में जागरण का भी आयोजन किए जाने की तैयारी की जा रही है। हर कोई प्रभु राम के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

रूट बोर्ड लगवाए जा रहे

पॉलीटेक्निक चौराहे पर नया रूट बोर्ड लगवाया गया है। इसमें मुंशी पुलिया, सीतापुर और अयोध्या का जिक्र किया गया है। इस बोर्ड पर बने संकेतक के माध्यम से आसानी से अयोध्या रूट पर जाया जा सकता है। अभी तक यहां पर कोई बोर्ड न होने से वाहन सवारों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी तरह लोहिया पथ के पास भी नए संकेतक लगाए जा रहे हैैं। जिससे लोहिया पथ से पॉलीटेक्निक की तरफ जाने वाले लोगों को किसी भी तरह की समस्या न हो। शहीद पथ पर भी कई प्वाइंट्स पर नए बोर्ड लगाए जा रहे हैैं।

यहियागंज व आसपास के मार्केट में प्रभु राम से जुड़ी झांकी सजाई जा रही है। पूरे मार्केट एरिया में रंग बिरंगी लाइट्स भी लगवाई जा रही हैैं।

अमरनाथ मिश्र, अध्यक्ष, लखनऊ व्यापार मंडल

व्यापार मंडल की ओर से मार्केट में प्रभु राम के स्वागत के लिए एंट्री गेट लगवाए गए हैैं। मार्केट में प्रभु राम के कटआउट लगाए जा रहे हैैं।

देवेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष, भूतनाथ व्यापार मंडल

हजरतगंज एवं पॉलीटेक्निक चौराहे को राममय बनाया गया है। प्रभु राम के प्रति प्रेम प्रदर्शित करने के लिए चौराहों पर झंडे बैनर भी लगाए जा रहे हैैं।

संजय गुप्ता, अध्यक्ष, उप्र आदर्श व्यापार मंडल

पूरे एरिया को राममय बनाया जा रहा है। पूरी मार्केट में प्रभु राम के कटआउट लगाए जा रहे हैैं साथ ही लाइटिंग भी कराई जा रही है।

दुर्गेश सिंह, अध्यक्ष, पीजीआई व्यापार मंडल

व्यापार मंडल की ओर से पूरी मार्केट में झालर इत्यादि लगवाई जा रही हैैं। इसके साथ ही 22 जनवरी को भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

विपिन अग्रवाल, महामंत्री, निशातगंज व्यापार मंडल