- ऑफिस के कर्मचारियों को आने जाने के लिए परिवहन निगम ने की पहल

LUCKNOW: लॉकडाउन के दौरान परिवहन निगम सरकारी और औद्योगिक संस्थानों को बसें किराए पर उपलब्ध कराएगा। परिवहन निगम के एमडी डॉ। राजशेखर के अनुसार बसों की चार्टर बुकिंग के लिए किराए की नई दरें तय कर दी गई है। इसके माध्यम से लोग आसानी से अपने कार्यालय आ-जा सकेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में यह चार्टर बस की सेवा उपलब्ध है। गौरतलब है कि प्रदेश में सभी सरकारी और प्राइवेट संस्थानों को 33 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम करने की इजाजत मिली है। ऐसे में अपने कर्मचारियों को कार्यायल तक लाने और ले जाने के लिए इन बसों का प्रयोग कर सकते हैं।

सोशल डिस्टेंसिंग का रखना होगा ध्यान

- सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए 52 सीटर में 26 पैसेंजर्स आसानी से बैठ सकेंगे।

- बसों की चार्टर बुकिंग 12 घंटे के लिए होगी। निर्धारित समय के बाद प्रत्येक घंटे का 500 रुपया लिया जाएगा।

- बसों की बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर भी जारी कर दिया गया है।

- रोजाना 12 घंटे के लिए बस लेने के लिए 5141 रुपए चार्ज किया जाएगा।

- इसमें 50 किमी तक चलने की छूट मिलेगी। इस तरह से 100 किमी के लिए 6708 रुपए और 200 किमी के लिए 9570 रुपए शुल्क वसूला जाएगा।

ग्रीन जोन में बसों ने पकड़ी रफ्तार

LUCKNOW (7 May):

प्रदेश के11 ग्रीन जोन जनपदों के लिए रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो गया। बीते बुधवार को पहले दिन 76 साधारण बसें चलाई गई। इन बसों का संचालन ग्रीन जोन से जुड़े जनपदों और शहर से जुड़े तहसीलों तक आने-जाने वालों के लिए किया गया। पहले दिन 41 मार्गो पर इन बसों का संचालन किया गया। 1176 पैसेंजर्स ने इस दौरान सफर किया। जनसंपर्क अधिकारी अनवर अंजार के अनुसार शासन के निर्देश इन बसों का संचालन शुरू हुआ। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही बसों में पैसेंजर्स बिठाए गए, हर दो ट्रिप के बाद बसों को सेनेटाइज किया जा रहा है। बस चालकों की थर्मल स्कैनिंग के साथ ही उन्हें मास्क और सेनेटाइजर भी दिया गया है।

लॉकडाउन के दौरान ग्रीन जोन में शामिल चित्रकूट, हमीरपुर, अकबरपुर, लखीमपुर, गोला, शाहजहांपुर, चंदौली, सोनभद्र, फरुखाबाद, फतेहपुर, ललितपुर व बलिया क्षेत्र में बसों का संचालन किया गया।