- 2,1800 शिकायतें दर्ज हुई 23 फरवरी से 24 मार्च के बीच

- 2,59,800 शिकायतें दर्ज हुई 25 मार्च से 25 अप्रैल के बीच

- 41 हजार अधिक शिकायत दर्ज की गई

- फोन पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं में हुआ इजाफा

- फेसबुक, इंस्टाग्राम पर भी कर रहे अश्लील पोस्ट

LUCKNOW: लॉकडाउन में भले ही रोड पर महिलाओं के साथ होने वाले अपराध में कमी आई हो, लेकिन फोन और सोशल मीडिया पर उनसे छेड़छाड़ की घटनाओं में काफी इजाफा दर्ज किया गया है। मनचलों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि समझाने के बाद भी वह मानने को तैयार नहीं हैं।

फोन पर छेड़छाड़ की घटना में इजाफा

अंजान नंबरों से अश्लील बातें करने वाले मनचलों से परेशान महिलाएं वूमेन पॉवर लाइन से मदद मांग रही हैं। एडीजी वूमेन पॉवर लाइन अंजू गुप्ता ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान फोन पर महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। अगर आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश भर में जहां 23 फरवरी से 24 मार्च के बीच महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायत 2 लाख 18 हजार आई, वहीं 25 मार्च से 25 अप्रैल (लॉकडाउन पीरियड) के बीच 2,59,800 शिकायतें दर्ज की गई। लॉकडाउन के दौरान करीब 41,800 ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई।

साइबर सेल में भी बढ़ रही शिकायतें

इसके साथ ही महिलाओं के साथ साइबर स्पेस की शिकायत में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। साइबर सेल प्रभारी राहुल ने बताया कि फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल साइट पर महिलाओं के अकाउंट को हैक कर अश्लील पोस्ट के मामले बढ़े हैं। लॉकडाउन की वजह से महिलाएं थाने नहीं पहुंच पा रही हैं, जिसकी वजह की एफआईआर दर्ज नहीं हो पा रही है। वहीं उनके हेल्पलाइन नंबर पर लगातार शिकायतें आ रही हैं।