लखनऊ (ब्यूरो)। शहर सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में एक तरफ जहां महापौर सुषमा खर्कवाल की ओर से उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया, वहीं दूसरी तरफ शहरवासियों को 96 करोड़ की 282 परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण की सौगात भी दी। शहर सरकार का मुख्य लक्ष्य शुद्ध हवा, शुद्ध पानी और स्वच्छता बनाए रखना निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही शहर को स्मार्टनेस में भी नंबर वन बनाने के लिए कई चरणों में प्रयास किए जाएंगे।

महापौर ने गिनाई उपलब्धियां

महापौर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के मद्देनजर लालबाग स्थित झंडी पार्क में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। महापौर ने अपने संबोधन में पहले तो सभी पार्षदों, कार्यकर्ताओं और नगर निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वेस्ट कलेक्शन कंपनी ईकोग्रीन द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन न किये जाने के कारण उसकी सेवाओं को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया गया है। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत वेस्ट टू वेल्थ की रणनीति रहेगी। कूड़े को रिसाइकिल कराकर बिजली बनाने की कार्य योजना पर कार्य किया जा रहा है। नौ क्लीनिकों का जीर्णोद्धार किया जाना, हाउस टैक्स में छूट दिया जाना, 8500 नए सबमर्सिबल की सौगात, निगम की पार्किंग को आधा घंटा फ्री किया जाना, पर्यावरण सुरक्षा के दृष्टिगत 90 नये सीएनजी वाहनों को प्राइमरी कूड़ा कलेक्शन में संचालित किया जाना, 8 नये केटिल कैचिंग वाहन, प्राइमरी कूड़ा कलेक्शन हेतु 1215 नये रिक्शा ट्राली, कर्मचारियों को सुरक्षा किट, पार्कों का मेंटीनेंस इत्यादि किया जाना शामिल रहा।

124 कार्यों को दी गई स्वीकृति

13 करोड़ की लागत से 23 सड़क व नाली के निर्माण कार्यों को पूरा कराया गया साथ ही 15वें वित्त आयोग एवं नगर निगम विकास निधि से 33 करोड़ से सड़क व नाली के 124 कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही 569.20 लाख के कुल 68 कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, निराला नगर फ्लाईओवर से पुरनिया चौराहे तक व पुरनिया चौराहे से बेलीगारद, अलीगंज तक रोड के मध्य स्थित डिवाइडर पर ग्रीन बेल्ट तथा सीमेंटेड गमले लगाकर सौन्दर्यीकरण कराया जाएगा। महापौर ने बताया कि नए पार्क भी विकसित किए जाएंगे साथ ही पुराने पार्कों का मेंटीनेंस कराया जाएगा।

मेहनत का सफल परिणाम

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ नई प्रगति की ओर अग्रसर है। महापौर की मेहनत धरातल पर सफल होती दिखाई दे रही है। आम जनता के साथ मिल कर नगर को सुंदर, स्वच्छ और निर्मल बनाने का काम जो महापौर के निर्देशन व नेतृत्व में कराया गया है वो निश्चित रूप से ऐतिहासिक है। विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, अवनीश कुमार सिंह, पवन सिंह, नीरज बोरा ने भी जनता को संबोधित किया।

जनता को मिली सौगात

1-नई रोड्स का निर्माण

2-पुरानी रोड्स का मेंटीनेंस

3-वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था होगी दुरुस्त

4-ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण

5-मार्ग प्रकाश व्यवस्था होगी बेहतर

6-गलियों की सफाई होगी पुख्ता