20.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान

13.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान

- राजधानी में शुक्रवार को दिन भर छाई रही धुंध, सर्द हवाओं ने किया परेशान

LUCKNOW राजधानी में शुक्रवार सुबह से ही धुंध छाई रहने से मौसम सर्द हो गया। शाम होते ही पूरा शहर कोहरे के आगोश में समा गया और सड़कों पर सन्नाटा छा गया।

चली ठंडी हवा

सुबह से चली सर्द हवा के कारण जरूरी काम या आफिस जाने के लिए निकले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों को उम्मीद थी कि दोपहर में धूप निकलने के बाद मौसम ठीक हो जाएगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं। शाम होते ही सर्द हवा और तेज हो गई और लोग ठिठुरते नजर आए। वहीं शाम चार बजे से ही धुंध की चादर और भी गहराने लगी। जिससे वाहन चला रहे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बाजारों में दिखा सन्नाटा

शुक्रवार को राजधानी के सभी बाजारों में आम दिनों की तुलना में कहीं कम लोगों की भीड़ दिखाई दी। सिर्फ उन्हीं लोगों ने बाजारों की ओर रुख किया, जिन्हें जरूरी सामान खरीदना था। काफी कम लोगों के बाजार आने के कारण बहुत से दुकानदार समय से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए।

बाक्स

एक्यूआई लेवल रहा कम

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों में राजधानी का एक्यूआई लेवल 313 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया है। जो पिछले दिनों के मुकाबले कम है। वहीं डॉक्टर्स का कहना है कि धुंध के दौरान सीनियर सिटीजन और सांस के रोगी बहुत जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें।

बाक्स

छाया रहेगा कोहरा

आंचलिक मौसम केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अभी आगे भी सुबह घना कोहरा छाया रहेगा, वहीं दिन साफ रहने की उम्मीद है। धीरे-धीरे तापमान में कमी आती जाएगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस 13.7 दर्ज किया गया।