लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में नए साल की शुरुआत के साथ शुरू हुआ सर्दी और कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। बर्फीली हवा लोगों की कपकपी छुड़ा रही है। सर्द हवा के चलते दोपहर के समय निकलने वाली धूप भी किसी तरह की राहत नहीं दे पा रही है। वहीं सोमवार को मौसम विभाग ने राजधानी के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिन यहां घना कोहरा छाया रहेगा और अत्यधिक सर्दी पड़ती रहेगी। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह छाया रहा घना कोहरा

राजधानी में सोमवार सुबह भी घना कोहरा देखने को मिला। जिसके चलते दृश्यता बेहद कम रही और जो लोग वाहनों से निकले उन्हें गाडिय़ों की हेड लाइट जलानी पड़ी। हालांकि सुबह और शाम राजधानी की सड़कों पर आम दिनों की तुलना में भीड़ कम ही देखने को मिली है।

धूप नहीं दे सकी राहत

दोपहर 12 बजे से चार बजे तक धूप जरूर निकली लेकिन सर्द हवा के प्रकोप के चलते वह किसी तरह की राहत नहीं दे सकी। हालांकि धूप निकलने पर सकट पर्व के लिए खरीदारी करने महिलाएं बाजारों में पहुंची। इस दौरान बाजारों में महिलाओं की संख्या अधिक दिखाई दी।

शाम होते ही छाया सन्नाटा

शाम पांच बजे के बाद गलन ने रफ्तार पकडऩा शुरू किया और शाम के सात बजते ही बाजारों में भी सन्नाटा छाने लगा। लोगों ने खुद को घरों में कैद कर लिया। बाजारों में जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आए। वहीं घरों में लोगों ने हीटर और ब्लोअर चलाकर सर्दी से बचने की कोशिश की।

दो दिन बाद बदल सकता है मौसम

आंचलिक मौसम केंद्र के कार्यवाहक निदेशक एम दानिश के मुताबिक फिलहाल दो दिन तक राजधानी के मौसम में कोई बदलाव नहीं आएगा। उसके बाद ही मौसम में कुछ सुधार देखने को मिलेगा। न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमानों में इजाफा हो सकता है। जिससे लोगों को सर्दी के प्रकोप से कुछ हद तक छुटकारा मिल जाएगा।