- सपा-कांग्रेस के चुनाव प्रचार का होगा स्लोगन

- राहुल-अखिलेश की संयुक्त चुनावी रैलियों पर भी मंथन

- अनुराग यादव लड़ेंगे सरोजनीनगर से चुनाव

LUCKNOW : सपा और कांग्रेस के ज्वाइंट कैंपेन का ऐलान रविवार को हो सकता है। इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में स्लोगन 'यूपी को ये साथ पसंद है' जारी होगा। इसको गाने की शक्ल देने की तैयारी भी की जा रही है। सूत्रों की मानें तो दोनों दल राहुल और अखिलेश की संयुक्त रैलियों से होने वाले नफा-नुकसान का आकलन भी कर रहे है। यदि दोनों नेता साथ में रैली करते हैं तो उनके समर्थक शक्ति प्रदर्शन करने से भी नहीं चूकेंगे, लिहाजा ऐसी स्थिति से बचने के उपाय भी तलाशने शुरु कर दिए गये है। इसी तरह नारों और प्रचार सामग्री को तैयार करने में भी खासी एहतियात बरती जा रही है। अब देखना यह है कि दोनों दल क्या रणनीति अपनाते है।

केवल चुनाव प्रचार पर ध्यान

शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में अखिलेश की अध्यक्षता में चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक में साफ हो गया कि अखिलेश सूबे की किसी भी सीट से चुनाव लड़ने के बजाय पूरा समय प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने में लगाएंगे। पार्टी ने इसकी व्यापक पैमाने पर तैयारी भी कर ली है और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की फोटो लगे तमाम प्रचार वाहन तैयार किए जा रहे हैं। इनमें सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को भी जगह दी गयी है। कुछ वाहनों में अखिलेश के साथ डिंपल की भी बड़ी फोटो लगाई जा रही है। पार्टी ने जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट में अपने वॉर रूम को भी सक्रिय कर दिया है और सोशल मीडिया पर सपा की चुनावी जंग शुरू हो चुकी है। राहुल गांधी के साथ रैलियों का कार्यक्रम भी तैयार किया जा रहा है। इस बाबत रविवार को कोई अहम ऐलान किए जाने की भी संभावना है। अभी प्रियंका के संयुक्त रैलियों में हिस्सा लेने को लेकर तस्वीर साफ नहीं है हालांकि, कुछ जगहों पर प्रत्याशी लगातार इसकी मांग कर रहे हैं।

दूसरे फेज के स्टार प्रचारक भी तय

सपा ने दूसरे फेज के चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों के नाम भी तय कर दिए है। पहले फेज की तरह मुलायम सिंह यादव का नाम पहले स्थान पर ही है हालांकि मुलायम गुरुवार को ही दिल्ली चले गये जिससे चुनाव प्रचार में उनकी मौजूदगी को लेकर स्थिति साफ नहीं है। सूची में डिंपल यादव को भी शामिल किया गया है। पार्टी ने सात मुस्लिम नेताओं आजम खां, कमाल अख्तर, इकबाल महमूद, महबूब अली, अहमद हसन, जावेद अली खान, अबु आसिम काजमी को भी शामिल किया है ताकि मुस्लिम वोट बैंक को पाले में बरकरार रखा जा सके।

अनुराग यादव लड़ेंगे सरोजनीनगर से चुनाव

लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से सूबे के सबसे ज्यादा राजनीतिक रसूख रखने वाले यादव परिवार के सदस्य विधायक बनने को जोर-आजमाइश करने जा रहे हैं। सपा मुख्यालय पर बैठक में अखिलेश को सीट से चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव पेश हुआ लेकिन अंत में तय हुआ कि इस सीट से अनुराग यादव को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। मालूम हो कि अनुराग यादव बदायूं के सांसद धर्मेद्र यादव के छोटे भाई हैं और अखिलेश के करीबियों मे शुमार हैं। अनुराग को मेट्रो के ट्रायल रन और पार्टी के घोषणा पत्र के ऐलान के दौरान खासा सक्रिय देखा गया था। बैठक में मुलायम की छोटी बहू अपर्णा यादव भी मौजूद थीं। ध्यान रहे कि अपर्णा लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़ रही ैं।

सपा में टिकटों का ऐलान जारी

समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को 15 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने रायबरेली की बछरावां सीट को होल्ड पर रखा है। कांग्रेस महासचिव एवं केंद्रीय चुनाव समिति के इंचार्ज मधुसूदन मिस्त्री ने इस बाबत पत्र जारी किया है। साथ ही घोषणा की है कि इस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा रायबरेली संसदीय क्षेत्र के सभी सीटों के कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा के साथ होगी। इससे कयास लगने लगे हैं कि सपा को रायबरेली की सीटें कांग्रेस के लिए छोड़नी होंगी। दोनों दल इसे सुलझाने की कवायद में जुटे हैं। संभावना जताई जा रही है कि रविवार को सीटों के बंटवारे की स्थिति भी साफ कर दी जाएगी ताकि कहीं संशय न रहे।

सपा ने इन सीटों पर उतारे प्रत्याशी

सीतापुर: शिवकुमार गुप्ता (सेवता)

लखनऊ: गोमती यादव (बीकेटी)

कानपुर देहात: नीरज गौर (अकबरपुर रनियां)

झांसी: यशपाल यादव (बबीना)

इलाहाबाद: मंसूर आलम (फूलपुर), विजमा यादव (प्रतापपुर)

अंबेडकरनगर: भीम प्रसाद सोनकर (आलापुर)

बलरामपुर: आरिफ अनवर हाशमी (उतरौला)

बस्ती: महेंद्र यादव (बस्ती सदर)

गोरखपुर: रामभुआल निषाद (चिल्लूपार)

कुशीनगर: बृजेंद्र पाल सिंह (खड्डा)

गाजीपुर: गरीब दास (जखनियां)

सोरांव (एससी): सत्यवीर मुन्ना

गोंडा : सूरज सिंह

बेल्थरा रोड : पोरखवान पासवान