- पूर्वी विधान सभा क्षेत्र में चाय पर चर्चा के दौरान लोगों ने की विकास कार्यो की समीक्षा

 

LUCKNOW :सड़कों पर रोड शो और मोहल्ले में जनसभाएं हो रही हैं। प्रत्याशियों की चमचमाती गाडि़यां दौड़ रही हैं। प्रत्याशी जनसभाओं में जनता से वादे करने में जुट गए हैं, लेकिन जनता वर्तमान विधायक द्वारा कराए गए कार्यो के जवाब मांगने को तैयार बैठी है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम चाय पर चर्चा में जनता ने पूर्व विधान सभा के विधायक आशुतोष टंडन के विकास कार्य पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। क्षेत्र में मेनहॉल टूटे और मोहल्लों से कूड़ा न हटने से लोगों में खासी नाराजगी जताई है।

 

पूर्वी विधान सभा में चाय पर चर्चा के दौरान मौजूदा विधायक के विकास कार्य पर सवाल के जवाब में दीपक शर्मा बोले विधायक द्वारा वादे अधिक और विकास कार्य कम किए हैं। मेरा वोट उसी को जाएगा, जो क्षेत्र का विकास करेगा। अर्ध विकसित क्षेत्रों में विधायक ने कम काम कार्य किया है, जबकि कालोनियों में बढि़या विकास किया है। वहीं शशिकांत पांडेय बोले विधायक नये विकास कार्य किया है। कई इलाकों में दौरा भी किया है, लेकिन जनता जिसकी अपेक्षा कर रही थी, वैसा कार्य विधायक ने नहीं किया है।

 

स्ट्रीट लाइट गुल, टेंशन फुल

चाय पीते हुए अमित शुक्ला बोले स्ट्रीट लाइट न लगने से सड़क पर अंधेरा पड़ा हुआ है, जिससे लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अधिकतर लोग इसी रास्ते का प्रयोग करते हैं, जिससे लोगों को चोटिल होने का डर बना रहता है। वहीं दिनेश शर्मा बोले क्षेत्र में कई मोहल्ले में विधायक ने कार्य किया है। सबमर्सिबल लगवाया है, लाइट्स लगवाई और नाली भी बनाई है। लेकिन क्षेत्र में विधायक जी का आना जाना नहीं होता है। कम से कम छह माह में एक बार तो जनता के बीच में पहुंचना चाहिए।

 

मोहल्ले में कूड़ा महीनों से पड़ा

चाय का कप रखते हुए इस्तियाक अली ने कहा चांदन में कई जगह कूड़ा महीनों से पड़ा है, लेकिन उठाने वाला कोई नहीं है। बच्चों के लिए कहीं पार्क और न ही सार्वजनिक स्थल पर कोई सुविधा नहीं दी गयी है। अनुज चाय पीते हुए बोले हमने आज तक विधायक को देखा नहीं है। लेकिन इलाके में सड़के दूसरे क्षेत्रों से ठीक हैं। सीवर का कार्य शुरू कराना चाहिए, लेकिन बीते चार वर्षो से शुरू नहीं कराया गया है। सीवर चालू होने पर ही समस्या में सुधार होगा।

 

भाई काम तो कराया है

चर्चा को आगे बढ़ाते हुए रावेंद्र विक्रम सिंह बोले भाई अवध विहार कॉलोनी में टाइल्स कई वर्षो से नहीं लगाई गयी थी, लेकिन विधायक को पता चलते ही सड़कों दुरस्त कराया। नाली की व्यवस्था की। सीवर का कार्य काफी दिनों से अधूरा था, जिसे पूरा कराया। वहीं अनिल शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में विधायक जी पूरे ढाई वर्ष से गायब रहे। निजामुद्दीनपुर में कई लोगों को कार्यालय कहां है, इसकी जानकारी नहीं है। मेंन रोड कई वर्षो से खराब पड़ी थी, विधायक जी से भी गुहार लगाई गयी, लेकिन नहीं बनीं। बड़ी मशक्कत के बाद सड़क बनायी जा सकी।

 

 

मेन सड़क पर काम काफी देर से हुआ है। सड़क ऐसी थी, जिस पर पैदल चलना भी मुश्किल था। कई बार गाडि़यां पलट गयीं, लोग चोटिल हो गए। महीनों दुकान पर कोई नहीं आया। विधायक ने एक बार भी दौरा कर लोगों का हालचाल नहीं जाना।

- सतीश यादव, टी सेलर

 

कालोनी में स्ट्रीट लाइट गायब है, जिससे सड़कों पर अंधेरा पड़ा रहता है। आए दिन लोगों को रात में चोटिल होने का डर लगा रहता है। अंधेरे में अक्सर चोरी की घटनाएं भी होती हैं।

- अमित शुक्ला

 

क्षेत्र में विकास कार्य तब होगा, जब विधायक जी क्षेत्र में आएंगे। बीते वर्षो में एक बार भी दौरा करने नहीं आए। सीवर क्षेत्र में डालने के बाद भी शुरू नहीं हुआ, इन समस्याओं पर विधायक ने कभी गौर नहीं किया।

- अनिल शर्मा

 

कॉलोनियों में कार्य हुआ है। सड़कें, टाइल्स और स्ट्रीट लाइट भी लगवाई हैं, लेकिन क्षेत्र में जनता के इच्छा के अनुरूप विकास कार्य कम हुआ है।

- शशिकांत पांडेय

 

क्षेत्र में विकास कार्य करने वालें को ही वोट देंगे। विकास से सभी को फायदा होता है। लेकिन विधायक जी को यहां की समस्याएं ही नहीं पता तो विकास क्या करेंगे।

- दीपक शर्मा

 

कालोनी में कई जगह सड़क बनाई हैं। गांवों में हैंडपंप लगाया है। लेकिन इतने विकास से काम नहीं चलेगा। क्षेत्र में सभी इलाके में विकास करना जरूरी है।

- अनुज

 

प्रत्याशी किसी दल का हो, काम करने वाले को ही वोट देंगे। क्षेत्र का विकास सबसे अधिक जरूरी है। यहां डिग्री कालेज और अच्छे अस्पताल की जरूरत है।

- दिनेश शर्मा

 

अवध विहार में विकास हुआ है, यहां टाइल्स कई वर्षो से नहीं लगी थी, जिसे विधायक द्वारा लगवाया गया है। नालियां काफी जर्जर थी, जिसे दुरुस्त कराया है।

- रावेंद्र विक्रम सिंह

 

चांदन में कई जगह कूड़े का ढ़ेर लगा है। लेकिन यहां से कूड़ा नहीं हटाया गया। सफाई व्यवस्था इलाके की बिल्कुल चौपट है। मुख्य सड़क के चैंबर टूटे पड़े हैं, जिन्हें दुरुस्त कराना चाहिए।

- इश्तियाक अली

समय : 4 बजे

स्थल चांदन रोड, पूर्व विधान सभा