लखनऊ (ब्यूरो)। पति की लंबी आयु और अटल सुहाग की मनोकामना के साथ सोमवार को राजधानी में वट सावित्री का पर्व बहुत श्रद्धा और उत्साह के साथ सुहागिनों द्वारा मनाया गया। सुबह पूजन के लिए बरगद के पेड़ों के पास महिलाओं की काफी भीड़ देखने को मिली। सुहागिनों ने अपने घर के आसपास के वट वृक्षों की विधिवत पूजा-अर्चना की और फेरे लेकर पति की दीर्घायु की कामना की।

घरों में भी की गई पूजा

वट सावित्री व्रत व पूजन के अवसर पर करीब दो साल के बाद रौनक देखने को मिली। जहां बड़ी संख्या में महिलाएं सुहागन के जोड़े में बरगद के पेड़ का पूजन के लिए पहुंचीं, वहीं कई महिलाओं ने घर पर ही वट वृक्ष की डाल को गमले में लगाया और उसकी पूजा की। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से सावित्री और सत्यवान की कथा का पाठ किया और अपनी क्षमता अनुसार दान-दक्षिणा भी गरीबों को दी।

वट वृक्ष के आसपास सफाई कराई

वट सावित्री पूजन को देखते हुए देर रात ही वट वृक्षों के आसपास सफाई आदि का कार्य विभिन्न सामाजिक संगठनों और आसपास के लोगों की ओर से कराया गया था ताकि व्रती महिलाओं को पूजन करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

80 रुपए किलो तक बिका खरबूजा

वट सावित्री पूजन में खरबूजे का विशेष महत्व है। सभी महिलाएं इस दिन खरबूजा जरूर खरीदती हैं। हर साल इस पर्व के आते ही खरबूजे के दाम काफी बढ़ जाते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ। सोमवार को राजधानी में खरबूजा 70 से 80 रुपए प्रति किलो की दर से सुबह के समय बिका। सूरज ढलने के बाद यह फिर से अपने पुराने रेट 40 से 50 रुपए प्रति किलो पर आ गया।