लखनऊ (ब्यूरो)। पत्नी व उसके प्रेमी से बदला लेने के लिए कैदी एक नहीं बल्कि पुलिस अभिरक्षा से दो बार फरार हुआ। कई दिनों तक चकमा देने के बाद आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पेशी के दौरान 18 दिसंबर को कोर्ट से सिपाहियों को चकमा देकर भागे कैदी विवेक मौर्या उर्फ विपिन को वजीरगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कैदी ने एक महीना तक पुलिस को छकाया इसके बाद हत्थे चढ़ा। यहां से भागकर वह पहले हरदोई फिर दिल्ली, हरियाणा होते हुए उत्तराखंड पहुंच गया था।

पत्नी व उसके प्रेमी की हत्या का था इरादा

एसीपी चौक आईपी सिंह ने बताया कि कैदी विवेक को इंस्पेक्टर वजीरगंज मनोज मिश्रा और उनकी निगरानी में गठित सर्विलांस थाने की टीम ने सोमवार को पकड़ लिया है। पूछताछ में पता चला कि विवेक अपनी पत्नी की हत्या करने के लिए भागा था। विवेक के जेल जाने के बाद उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी और उसी के साथ रहती थी। प्रेमी बिहार का रहने वाला है। विवेक के भागने के बाद जब पुलिस ने उसके लखीमपुर निगासन गौरिया स्थित उसके मूल आवास पर पहुंचकर पड़ताल की तो यह जानकारी हुर्ई। इस बीच पता चला कि विवेक ने पत्नी की हत्या की साजिश रची है। वह हत्या करने के लिए ही भागा है।

टॉयलेट करने के बहाने हुआ था फरार

इसके बाद सर्विलांस समेत कई अन्य टीमें गठित की गई। एक टीम हरियाणा पहुंची। फिर लोकेशन उत्तराखंड मिली। टीम उत्तराखंड पहुंची तो वह वहां से भी निकल चुका था। इस बीच विवेक को पुलिस टीम ने दबोच लिया। वह पेशी के दौरान टॉयलेट जाने का बहाना कर भागा था। विवेक को जेल भेज दिया गया है।

कई बार पुलिस को चकमा दे चुका है

इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने बताया कि अपराधी विवेक कई बार भाग चुका है। एक बार वह निगासन में लाकअप से भागा था। इसके पहले चार नवंबर को पेशी के दौरान भागा था। तब पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया था। हाल ही में फिर वह 18 दिसंबर को कोर्ट से पेशी के दौरान भाग गया था। विवेक के खिलाफ करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें सबसे अधिक जहरखुरानी के मामले हैं।