74 प्वाइंट्स पर पिंक टॉयलेट की सुविधा

19 प्वाइंट्स पर पिंक टॉयलेट शुरू हुए

31 मार्च तक पिंक टॉयलेट की मिलेगी सुविधा

- पिंक टॉयलेट की सुविधा देने के लिए नगर निगम प्रशासन तैयार

- डीजे आईनेक्स्ट की ओर से आयोजित परिचर्चा/प्रश्न पहर में अपर नगर आयुक्त ने दिए जवाब

- व्यापारियों और सोशल वर्कर्स ने भी दिया आश्वासन, हर कदम पर करेंगे सहयोग

LUCKNOW महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए सेफ सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत 74 प्वाइंट्स पर पिंक टॉयलेट की सुविधा दी जाएगी। इसमें से 19 प्वाइंट्स पर पिंक टॉयलेट संचालित भी हो रहे हैं, बाकी टॉयलेट्स को 31 मार्च तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। अगर इसके बाद भी आम जनता को लगता है कि किसी स्थान पर पिंक टॉयलेट की जरूरत है तो हमें तत्काल स्पेस बताएं, हमारी ओर से वहां पर पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराई जाएगी। यह आश्वासन दिया है अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने। उनके इस आश्वासन को पिंक टॉयलेट की समस्या का सामना कर रही आधी आबादी को बड़ी राहत माना जा सकता है।

खुलकर रखे अपने विचार-सवाल

डीजे आई नेक्स्ट की ओर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट कार्यालय में पिंक टॉयलेट की जरूरत विषय पर परिचर्चा/प्रश्न पहर का आयोजन किया गया। जिसमें निगम प्रशासन का पक्ष रखने के लिए अपर नगर आयुक्त अमित कुमार मौजूद रहे। वहीं परिचर्चा में यूपी कोषाध्यक्ष एडवा नंदिनी बोरकर, मीर अब्दुल हमीद वेलफेयर सोसाइटी की सचिव जैनब, भूतनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, निशातगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष जावेद बेग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, निशातगंज व्यापार मंडल विपिन अग्रवाल एवं मंत्री निशातगंज व्यापार मंडल अजय वर्मा ने पिंक टॉयलेट मुद्दे पर खुलकर अपने विचार रखे साथ ही कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

ये सवाल आए

प्रश्न: लालबाग में पिंक टॉयलेट की समस्या देखने को मिलती है, आप लोग क्या कदम उठाएंगे?

रीता मित्रा, लालबाग

अपर नगर आयुक्त-निश्चित रूप से हम पिंक टॉयलेट की सुविधा देंगे, बस आप स्पेस चिन्हित करके बता दें।

प्रश्न: आखिर क्या वजह है कि अमीनाबाद जैसी मार्केट में पिंक टॉयलेट की सुविधा नहीं है?

प्रीती सिंह, काकोरी

अपर नगर आयुक्त-सेफ सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत अमीनाबाद में पिंक टॉयलेट तैयार कराया जा रहा है।

प्रश्न: लालकुआं एरिया में भी टॉयलेट की समस्या है। प्लीज यहां पर सुविधा कराएं?

प्रियंका, लालकुआं

अपर नगर आयुक्त-स्पेस की प्रॉब्लम नहीं है तो तत्काल पिंक टॉयलेट की सुविधा कराई जाएगी।

प्रश्न: निगम प्रशासन की ओर से पिंक टॉयलेट की सुविधा की दिशा में क्या कदम उठाए जा रहे हैं?

मंदिरा, लालबाग

अपर नगर आयुक्त-हम 74 प्वाइंट्स पर पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराने जा रहे हैं। 31 मार्च तक कई पिंक टॉयलेट बनकर तैयार भी हो जाएंगे।

प्रश्न: पिंक टॉयलेट की व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जाए, जिससे हमें राहत मिल सके?

मंजू पांडेय, लालबाग

अपर नगर आयुक्त-हमारी ओर से कई प्रमुख प्वाइंट्स पर पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराई जा रही है।

प्रश्न: पिंक टॉयलेट को लेकर योजनाएं तो बनती हैं लेकिन धरातल पर इंप्लीमेंट होने में समय क्यों लगता है?

अशोक भार्गव, राणा प्रताप मार्ग

अपर नगर आयुक्त-ऐसा नहीं है। पिंक टॉयलेट में स्पेस की समस्या सबसे ज्यादा सामने आती है। जहां स्पेस की समस्या दूर हो रही है, वहां पर तत्काल टॉयलेट की व्यवस्था कराई जा रही है।

प्रश्न: मार्केट्स में पिंक टॉयलेट की खासी समस्या है, इस तरफ ध्यान देना चाहिए?

रश्मि, इंदिरानगर

अपर नगर आयुक्त-सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत मार्केट्स में भी पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराए जाने संबंधी योजना बनाई गई है।

प्रश्न: पिंक टॉयलेट में महिला कर्मियों की ही ड्यूटी लगाई जाए?

साधना, गोमती नगर

अपर नगर आयुक्त-जी बिल्कुल, पिंक टॉयलेट में सिर्फ महिला कर्मियों की ही ड्यूटी लगाई जाएगी।

प्रश्न: विधानसभा मार्ग गेट नंबर चार के पास पिंक टॉयलेट की खासी जरूरत है?

सरिता, आशियाना

अपर नगर आयुक्त-स्पेस चिन्हित कर पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराई जाएगी।

प्रश्न: पिंक टॉयलेट में साफ सफाई का ध्यान रखा जाना चाहिए, इस तरफ फोकस करना चाहिए?

रानी, आलमबाग

अपर नगर आयुक्त-मेरा भी यही मानना है कि पिंक टॉयलेट या पब्लिक टॉयलेट में साफ सफाई होनी चाहिए। हम इस बिंदु पर खासा फोकस कर रहे हैं।

-------------------

परिचर्चा में इन पर रहा फोकस 1-मार्केट्स से लेकर प्रमुख मार्गो के किनारे पिंक टॉयलेट की व्यवस्था की जानी चाहिए

2-पिंक टॉयलेट में साफ सफाई और महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए

3-अगर कहीं स्पेस की प्रॉब्लम है तो व्यापार मंडल के पदाधिकारी सहयोग करेंगे

4-मार्केट में पिंक टॉयलेट की जिम्मेदारी संबंधित व्यापार मंडल संभाले।

5-मलिन बस्तियों में भी पब्लिक टॉयलेट की व्यवस्था की जाए

बोले गेस्ट

हमारा तो यही मानना है कि राजधानी के प्रमुख मार्गो और मार्केट्स में जल्द से जल्द पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराई जानी चाहिए। जिससे आधी आबादी को राहत मिल सके। इसके साथ ही पिंक टॉयलेट में साफ सफाई और महिला कर्मियों की ही ड्यूटी लगाई जाए। इस दिशा में हमारी संस्था की ओर से भी पूरा सहयोग किया जाएगा।

नंदिनी बोरकर, यूपी कोषाध्यक्ष, एडवा

मलिन बस्तियों में भी पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराई जानी चाहिए। जिससे बस्तियों में रहने वाली गरीब महिलाएं भी खुद को सेफ महसूस कर सकें। इसके साथ ही मार्केट्स में भी इस सुविधा की तरफ तत्काल ध्यान देना चाहिए। मार्केट्स में पिंक टॉयलेट की सुविधा न होने से हमें खासी परेशानी होती है।

जैनब, सचिव, मीर अब्दुल हमीद वेलफेयर सोसाइटी

---

हम लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं कि भूतनाथ मार्केट में पिंक टॉयलेट की व्यवस्था हो जाए लेकिन अभी तक स्पेस फाइनल नहीं हो सका है। हालांकि हमने एक स्पेस देखा है, जिस पर पिंक टॉयलेट की व्यवस्था की जा सकती है। नगर निगम प्रशासन इस स्पेस को देखे और वहां पर पिंक टॉयलेट बनवाए। व्यापार मंडल की ओर से भी पूरा सहयोग किया जाएगा।

देवेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष, भूतनाथ व्यापार मंडल

--

जितना मुझे याद है कि निशातगंज मार्केट में तो कभी पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराने की दिशा में कोई भी कदम आगे नहीं बढ़ाए गए। स्पेस की प्रॉब्लम जरूर है लेकिन हम खुद स्पेस चिन्हित कर नगर निगम को बताएंगे। उम्मीद करता हूं कि नगर निगम हमारे द्वारा बताए गए स्पेस पर पिंक टॉयलेट की सुविधा कराएगा।

जावेद बेग, अध्यक्ष, निशातगंज व्यापार मंडल

वर्तमान समय में तो पूरी मार्केट में कहीं भी पिंक टॉयलेट की व्यवस्था नहीं है। जिसकी वजह से मार्केट में आने वाली महिलाओं को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हमारी यही डिमांड है कि जल्द से जल्द मार्केट में पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराई जाए। जिससे आधी आबादी को राहत मिल सके।

विपिन अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, निशातगंज व्यापार मंडल

पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराए जाने के साथ ही उसमें महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। जिससे महिलाएं खुद को सेफ महसूस कर सकें। इसके साथ ही पिंक टॉयलेट की साफ सफाई पर भी खासा ध्यान दिया जाए। जिससे टॉयलेट गंदे न नजर आएं।

अजय वर्मा, मंत्री, निशातगंज व्यापार मंडल