युवा महोत्सव के प्री-राउंड में हुई शास्त्रीय नृत्य की प्रतियोगिता

LUCKNOW :

शास्त्रीय संगीत व फिल्मों गानों पर थिकरते कदमों ने सबको अपनी ओर आकर्षित कर लिया। जनेश्वर मिश्र पार्क में लखनऊ महोत्सव के अंर्तगत चल रहे युवा महोत्सव के प्री-राउंड के आज पांचवें दिन फिल्मी और शास्त्रीय नृत्य(भरतनाट्यम) प्रतियोगिता में बच्चों व युवाओं ने नृत्य के हुनर दिखाये।

फिल्मी नृत्य प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में श्रीराज श्री ने बेबी को बेस पसंद है, पूर्विका पाण्डेय ने सुपर गर्ल और रूबल जैन ने बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ गीत की थीम पर आकर्षक नृत्य पेशकर लोगों की वाहवाही बटोरी। इसके अलावा पूर्णिमा पाण्डेय ने कमली कमली, मानस्वी निगम ने यूपी बिहार और अन्वेषा गुप्ता ने पिंगा गीत पर नृत्य पेश कर लोगों को अपनी नृत्य प्रतिभा से परिचित कराया। सीनियर वर्ग में आकाश जायसवाल ने जिसे जिंदगी ढ़ूंढ़ रही है और पूजा चोपड़ा ने अगा बाई गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का दिल जीत लिया।

शास्त्रीय नृत्य ने मोहा मन

शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम नृत्य प्रतियोगिता में अनुष्का प्रकाश, प्रांजल अग्रवाल, चिन्मोई प्रकाश, आर्यका श्रीवास्तव, तारिणी गुप्ता और चहक बंसल ने शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम पेशकर जजों को प्रभावित किया। युवा महोत्सव का फाइनल राउंड महोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक पंडाल में होगा। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में अभिजीत बनर्जी, ऋचा आर्या और सुनयना जायसवाल शामिल रहीं।