मेरठ (ब्यूरो)। कथावाचक आचार्य अनिरुद्ध श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन मीडिया से मुखातिब हुए। मौके पर उन्होंने शराब और मसाले के प्रचार करने कलाकारों पर रोष जताया। उन्होंने शराब व पान मसाले का प्रचार करने वाले बॉलीवुड कलाकारों को खरी-खोटी सुनाई। वहीं उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) का विरोध करने वाले लोगों को अज्ञानी बताते हुए एक देश एक कानून का समर्थन किया।

ध्रुव चरित्र का वर्णन किया
सदर बाजार क्षेत्र के भैंसाली मैदान में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमे प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य अनिरुद्ध महाराज ने भगवान विष्णु के विराट स्वरूप समेत ध्रुव चरित्र का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने ही कर्मों के कारण दुख मिलता है, उसके लिए भगवान को जिम्मेदार न ठहराएं। हमें भगवान पर भरोसा करना चाहिए।

एक देश एक कानून हो
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज ने यूनिफॉर्म सिविल कोड पर कहा कि विरोध करने वाले अज्ञानी हैं। भारत देश में एक देश एक कानून होना चाहिए। यूसीसी का विरोध करने वाले वो लोग हैं, जो देश की व्यवस्था बिगडऩा चाहते हैं। वहीं मंदिरों में धोती-कुर्ते का ड्रेस कोड लागू होने पर बोले की सनातन धर्म का पहनावा ही धोती कुर्ता है, तिलक लगाना और धोती-कुर्ता पहना ही भारतीयता है।

विज्ञान को पढऩा आवश्यक
आचार्य अनिरुद्ध ने कहा कि सनातन धर्म को जानने के लिए विज्ञान को पढऩा आवश्यक है। हमारे धर्म का नाम सत्य सनातन धर्म है, जो अनादी समय से सत्य है। जितनी पुरानी पृथ्वी, चंद्रमा है, उतना पुराना सनातन धर्म है। जिस व्यक्ति को विज्ञान का ज्ञान नहीं है, वे सनातन धर्म के बारे में कभी नहीं जान सकता है।

बरसात में भी पहुंचे श्रद्धालु
सदर के भैंसाली मैदान में श्रीमद्भागवत कथा स्थल पर बरसात का पानी भरा है। इसके बावजूद शहर के साथ बागपत, नोएडा, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, उत्तराखंड से लोग कथा सुनने पहुंचे। वे पानी के बीच कुर्सी पर बैठे रहे और राधे-राधे का जयघोष करते रहे।