- बाइक सवार बदमाशों ने आबूलेन पर महिला से पर्स लूटा

मेरठ : आबूलेन पर बाइक सवार बदमाशों ने महिला से पर्स लूट लिया। इस दौरान महिला से हुई छीनाझपटी में आरोपियों की बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों बदमाश गिर पड़े। व्यापारियों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे बाइक छोड़कर फरार हो गए।

पस्त हुए बदमाश

शास्त्रीनगर निवासी सरोज अपने बेटे के साथ आबूलेन पर शुक्रवार दोपहर खरीदारी करने आई थीं। हुंडई शोरूम के पास ही बाइक सवार दो बदमाशों ने सरोज से पर्स लूट लिया। इसी दौरान बदमाशों और सरोज के बीच छीना-झपटी हो गई। सरोज ने पर्स नहीं छोड़ा तो एक बदमाश ने चाकू निकाल लिया, लेकिन सरोज ने पर्स नहीं छोड़ा। इसी दौरान बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बदमाश सरोज का पर्स लेकर बाइक छोड़कर फरार होने लगे। सरोज ने शोर मचाया तो आसपास के लोग बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन कोई हाथ नहीं आया।

नहीं लगा सुराग

सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन बदमाशों के बारे में सुराग नहीं लगा। पुलिस ने बदमाशों द्वारा छोड़ी बाइक को कब्जे में ले लिया। महिला ने बताया कि पर्स में करीब पांच हजार रुपये, एटीएम और कुछ कागजात थे। चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की सूचना फ्लैश की गई। इंस्पेक्टर गजेंद्र यादव ने बताया कि महिला ने तहरीर नहीं दी है। फिलहाल जांच की जा रही है कि बाइक किसकी है? बदमाशों की पहचान के लिए आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी।