- कंकरखेड़ा निवासी सर्राफा देहरादून में हुआ अगवा

- सोमवार को ज्वैलरी की सप्लाई देने गए थे देहरादून

- उसी दिन से उनका मोबाइल बंद आ रहा है

Meerut : मेरठ के सर्राफा व्यापारियों पर आफत का पहाड़ टूट पड़ा है। गाजियाबाद के कविनगर में मेरठ के व्यापारी सुधीश की हत्या करने की वारदात को अभी कोई भूला भी नहीं था कि कंकरखेड़ा के एक सर्राफा के अगवा होने की सूचना है। सर्राफा देहरादून में लाखों रुपयों के गहने की सप्लाई देने गया था। तभी से वह गायब चल रहा है। सर्राफा के पिता ने थाने में अगवा होने की तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर देहरादून पुलिस से संपर्क साध लिया है।

लाखों की ज्वैलरी लेकर गए थे देहरादून

कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के तुलसी कालोनी स्थित गली नंबर तीन में सर्राफा बबलू उर्फ पुनीत रहते हैं। उनके पिता जगदीश सिंह रिटायर्ड प्रिसिंपल हैं। मुख्य रूप से पुनीत सोने के कारीगर हैं। वे थोक में सामान बनाकर देहरादून और हरिद्वार में सप्लाई करते हैं। उनके पिता के अनुसार सोमवार को पुनीत लाखों की कीमत की ज्वैलरी लेकर देहरादून में सप्लाई देने के लिए गया था। जब वापस नहीं लौटा तो उसे काल की गई। उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। इसके बाद उन्होंने कई जानने वालों और रिश्तेदारों के यहां पर फोन किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जब सब जगह से निराशा हाथ लगी तो बुधवार को पुनीत के पिता जगदीश सिंह ने थाने में मामले की तहरीर दी।

किस के यहां पर जाते हैं नहीं पता

पुलिस के अनुसार पुनीत के पिता ने बताया है कि वह देहरादून और हरद्विार में सप्लाई देने के बाद दो दिन में वापस लौट आता था। सोमवार को वह देहरादून गया था, ऐसे में उसे एक दिन में आ जाना चाहिए थे। पुनीत किस व्यापारी के यहां पर सप्लाई देने जाता था इसका परिवार को नहीं पता। तहरीर दिए जाने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। थाना इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार राणा ने बताया कि उनका मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिया है और देहरादून पुलिस से भी लगातार संपर्क में है।

सुधीश की हो गई थी हत्या

कविनगर निवासी सर्राफा सुधीश भी गाजियाबाद में सप्लाई देने गए थे। जिस रिद्धि सिद्धि ज्वैलर्स को वे सप्लाई देते थे उन्होंने ही उनकी हत्या कर दी थी। गाजियाबाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और सुधीश की लाश भी बरामद कर ली थी। वहीं कानून गोयान में रहने वाले कारीगर वीरेंद्र सिंह चौधरी भी रविवार से गायब चल रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि वे खुद ही कर्जदारों से छिप रहे हैं।

सर्राफा कारीगर के गायब होने की सूचना उनके पिता ने थाने में बुधवार देर शाम की है। वे सोमवार से गए हैं अभी तक वापस नहीं लौटे। टीम को लगा दिया गया है। इसे जल्द ही वर्कआउट कर दिया जाएगा।

-डीसी दूबे, एसएसपी