मेरठ (ब्यूरो)। शास्त्रीनगर निवासी संदीप बंसल की मेडिकल थाना क्षेत्र में किला रोड पर रूपशिखा नाम से सर्राफ की दुकान है। रविवार शाम वह दुकान पर बैठे थे। तभी बाइक सवार दो युवक दुकान में आए और सोने की अंगूठी दिखाने के लिए कहा। जैसे ही संदीप ने उनको अंगूठियों से भरा डिब्बा दिखाया, तभी एक बदमाश ने तमंचा निकाला और चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद बदमाश डिब्बा लेकर भागने लगे तो संदीप ने शोर मचा दिया। जिस पर आसपास के लोग बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। पीछे से बाइक पर आ रहे दरोगा भूपेंद्र सिंह चौहान ने बदमाशों की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गिर पड़े। इसके बाद लोगों ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई की। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने किसी तरह उनको छुड़ाया। इसके बाद दोनों को पकड़कर पुलिस थाने ले गई। जहां पर दोनों आरोपियों से पुलिस की पूछताछ चल रही है। पीडि़त संदीप ने बताया कि डिब्बे में करीब पांच लाख रुपये की अंगूठियां थीं।

बदमाशों के हौसले बुलंद
व्यापारी नेता आशीष अग्रवाल ने बताया कि बाजार में पहले भी लूट की वारदात हो चुकी हैं। जहां बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने का प्लान बनाया था। वहां से महज दो सौ मीटर की दूरी पर एडीजी का ऑफिस है। वहीं दूसरी तरफ ढाई सौ मीटर की दूरी पर सिविल लाइन पुलिस चौकी भी हैं।

घायल हुए दारोगा
दरोगा भूपेंद्र सिंह चौहान मेरठ की क्राइम ब्रांच में तैनात हैैं। वह ड्यूटी कर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी बाइक से लूट की घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से जहां दरोगा की बाइक क्षतिग्रस्त हुई। वहीं वह खुद भी घायल हो गए।

लूट कर भाग रहे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पीडि़त द्वारा तहरीर दे दी गई है। सोमवार को घटना का खुलासा किया जाएगा।
विनीत भटनागर, एसपी सिटी