- कोल्हू व्यापारी के घर से दो लाख कैश, 6 लाख के जेवरात लूटे

- डकैत दबोचने पर आठ लोगों को गोली मारकर घायल किया

- देर रात दीवार फांदकर घर में घुसे एक दर्जन सशस्त्र बदमाश

जानीखुर्द: जानी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में रविवार की देर रात एक दर्जन से ज्यादा सशस्त्र बदमाशों ने एक कोल्हू व्यापारी के घर 2 घंटे तक जमकर कहर बरपाया। बदमाशों ने एक आठ माह के बच्चे को गन प्वाइंट पर लेकर परिवार को हथियारों के बल पर आतंकित करते हुए बंधक बना लिया। परिवार को बंधक बनाकर बदमाशों ने दो लाख रुपये नगद और करीब 6 लाख रुपये के सोने व चांदी के जेवर लूट लिये। लूट का विरोध करने पर बैखोफ बदमाशों ने आठ लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है।

सो रहे थे सभी

गांव खानपुर निवासी महेश शर्मा बीती रात अपने दोनों पुत्र नीटू और नितिन के साथ अपने घर के पास स्थित कोल्हू पर सोया हुआ था। घर पर महेश शर्मा की पत्‍‌नी संतोष अपनी पुत्री रेनू, बहु वर्षा व सरिता के साथ सो रही थी। देर रात एक दर्जन से ज्याद हथियारबंद बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में सो रही महेश शर्मा की पुत्री रेनू के आठ माह के पुत्र दक्ष को गन प्वाइंट पर लेकर संतोष, रेनू, वर्षा और सरिता को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश घर में लूटपाट करने लगे। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने घर में रखे हुए दो लाख रुपये, करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।

डकैत दबोचने पर फायरिंग

इस दौरान सरिता ने किसी प्रकार अपने पति नीटू को मोबाइल से कॉल कर घर में बदमाश होने की जानकारी दी। जानकारी पर नीटू और नितिन अपने घर पहंचे। घर पहुंचे नीटू और नितिन ने लूटपाट का विरोध करते हुए भाग रहे एक बदमाश को दबोच लिया। अपने साथी के पकड़ा जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शूरू कर दी। फायरिंग के दौरान पैर में गोली लगने से नीटू गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर महेश शर्मा के पड़ोस में रहने वाला पोपिन्द्र और उसकी मां सोहनवीरी घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। बदमाश ने पोपिन्द्र के उपर भी गोली चला दी। पेट में गोली लगने से पोपिन्द्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर पुलिस

गोली चलने के दौरान पोपिन्द्र की मां सोहनवीरी, महेश का पुत्र नितिन, महेश की पुत्री रेनू व पत्‍‌नी संतोष, नितिन की पत्‍‌नी वर्षा और नीटू की पत्‍‌नी सरिता भी छर्रे लगने से घायल हो गए। परिजनों ने घायल पोपिन्द्र और नीटू को गाजियाबाद स्थित एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया है। उपचार के दौरान पोपिन्द्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। डकैती की सूचना पर एसपी देहात एमएम बेग और सीओ सरधना स्वेताभ पांडेय ने पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचकर पीडि़त परिवार से घटना की जानकारी ली। डकैती की सूचना पर डॉग स्कवॉयड टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जांच की।

बच्चे ने किया सभी को लाचार

पहले तो महेश शर्मा के परिजनों ने लूटपाट का विरोध किया। लेकिन जब बदमाशों ने आठ माह के दक्ष को गन प्वाइंट पर ले लिया, इसके बाद रेनू ने घर में रखे हुए दो लाख रुपये और जेवर लाकर बदमाशों को दे दिए।

भुगतान के लिए रखे थे रुपये

महेश शर्मा घर के पास ही कोल्हू चलाता है। गन्ना किसानों को गन्ने का भुगतान करने के लिए महेश शर्मा दो लाख रूपये किसी से उधार लेकर आया था।