-कंसल्टेंट कंपनी ने किया घंटाघर और आसपास के क्षेत्र का दौरा

-लोगों से की बातचीत, मांगा स्मार्ट सिटी के लिए सहयोग

 

Meerut: कंसल्टेंट कंपनी ने रविवार को घंटाघर और आस-पास के क्षेत्र का दौरा किया। शहर में अतिक्रमण और गंदगी देख कंपनी के सदस्य भी हैरान हो गए। इस दौरान उन्होने लोगों व व्यापारियों से बातचीत की। इसी के आधार पर सारी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

 

गंदगी और अतिक्रमण

कंपनी गंदगी और अतिक्रमण को देखकर परेशान हो गई। हालात यह थे कि उनको मुंह पर कपड़ा तक ढकना पड़ा। बिना कपड़े ढके वह वहां दौरा नहीं कर सके। साथ ही अतिक्रमण को देखकर सदस्य हैरत में पड़ गए। वो यह कहने पर मजबूर हो गए कि यहां तो बहुत काम करना पड़ेगा।

 

यहां का किया दौरा

कंसल्टेंट कंपनी ने पहले घंटाघर, जली कोठी, गांधी आश्रम, सूरजकुंड, सर्राफा बाजार, गांधी आश्रम रोड, नौचंदी मैदान, बच्चा पार्क, लेडिज पार्क, जिमखाना मैदान, बुढाना गेट का दौरा किया। लोगों से बातचीत कर जानकारी हासिल की।

 

तरक्की देख हुए खुश

कंसल्टेंट कंपनी ने सर्राफा बाजार, स्पोर्टस मार्केट, बैंड बाजार का दौरा किया। व्यापारियों से बातचीत की। उनकी काम करने का तरीका और आधुनिकता के हिसाब से व्यापारियों द्वारा बनाई गई वेबसाइट, व्हाट्सएप, फेसबुक, ऑनलाइन आदि चीज देखकर वह खुश हुए। उन्होंने माना कि आधुनिकता के हिसाब से व्यापारी ठीक चल रहे हैं। स्मार्ट सिटी के लिए जो होना चाहिए। वह सब सुविधा उपलब्ध है। लेकिन थोड़ा सिस्टम बनाना पड़ेगा।

 

फिर भी अतिक्रमण

घंटाघर पर जब टीम पहुंची तो देख हैरान हो गई कि एसपी सिटी का ऑफिस होते हुए भी यहां पर इतना अतिक्रमण हो रहा है। कोई भी अधिकारी कुछ करता क्यों नहीं।

 

इसी के आधार पर होगी रिपोर्ट तैयार

लोगों से की बातचीत और ऑनलाइन वोटिंग के हिसाब से ही रिपोर्ट तैयार होगी। यदि उसकी रिपोर्ट ठीक होती है या फिर उसमें कुछ फेरबदल नहीं होता है तो उसके बाद उसकी डीपीआर तैयार की जाएगी।

 

आज से शुरू हो जाएगी मोबाइल वैन

सोमवार से हर वार्ड में वोटिंग कराने के लिए मोबाइल वैन की शुरुआत हो जाएगी। इसके अलावा हर वार्ड में कैंप भी लगाए जाएंगे। व्यापारियों व बुद्धिजीवी वर्ग के साथ भी बैठक होगी।

 

कंपनी ने शहर में अनेक स्थानों का निरीक्षण किया था। बाजार में भी व्यापारियों से मुलाकात की। लोगों के साथ बातचीत भी की है। हर तरफ से सहयोग मिल रहा है। लोग स्मार्ट सिटी बनाने के लिए मदद करने के लिए भी बोल रहे हैं।

डीकेएस कुशवाहा नगर आयुक्त