- महिला कांस्टेबलों समेत कई पर उड़ेला पेट्रोल, जलाने की कोशिश

-कवरेज पर गई मीडिया और आबकारी अधिकारियों पर हमला, हाथापाई

-मूकदर्शक बनी रही पुलिस ने नहीं किया बचाव, आरोपी महिलाएं फरार

 

 

Meerut : कोतवाली क्षेत्र में ईव्ज चौराहे पर आबकारी कार्यालय पर बुधवार दोपहर शराब माफिया गणेश की पत्‌नी और परिवार की महिलाओं ने धावा बोल दिया। जमकर बवाल मचाया और तोड़फोड़-मारपीट की। आबकारी इंस्पेक्टर की ओर से 10 महिलाओं को नामजद कराते हुए कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।

 

महिलाओं ने किया हंगामा

टीपीनगर क्षेत्र में शराब माफिया गणेश ने अवैध शराब का कारोबार फैलाया हुआ है। स्थानीय महिलाओं ने एसएसपी से शिकायत की, जिसके बाद थाना पुलिस को गणेश की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया। पुलिस ने 10 किलो डोडा के साथ मंगलवार को गिरफ्तार किया। बुधवार को गणेश की पत्‌नी चंद्रा और बेटी अनिता दर्जनों महिलाओं के साथ आबकारी कार्यालय पहुंच गई और हंगामा कर दिया। कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ कर दी और कर्मचारियों से हाथापाई की। महिला कांस्टेबल सविता और वैनिश आई तो हमलावर महिलाओं ने उन पर पेट्रोल छिड़क दिया। बचाव में आए अन्य कर्मचारियों और मीडिया भी पेट्रोल की बोतल पलट दी। किसी तरह से महिलाओं को धकेलकर कार्यालय से बाहर लाया गया।

 

महिलाओं ने की हाथापाई

इस दौरान महिलाओं ने हाथापाई करते हुए जमकर बवाल मचाया और गाली गलौच की। आरोप लगाया कि आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर की मिलीभगत के चलते डोडा लगाकर गणेश को फंसाया गया है। आरोप लगाए करीब एक घंटे हंगामा होता रहा, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस ने बचाव नहीं किया। काफी देर बाद कोतवाली, सिविल लाइन और सदर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर महिलाएं पुलिस के सामने से ही फरार हो गई। आबकारी इंस्पेक्टर राजेश सिंह की ओर से कोतवाली में शराब माफिया गणेश की पत्‌नी चंद्रा समेत 10 महिलाओं को नामजद कराते हुए कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कोतवाली में दर्ज कराया है।

 

ये महिलाएं हुई नामजद

1. चंद्रा पत्‌नी गणेश निवासी नई बस्ती टीपीनगर।

2. निर्मला पत्‌नी प्रताप निवासी नई बस्ती।

3. शारदा पत्नी रामदास निवासी किशनपुरा।

4. रामो पत्‌नी जीत सिंह निवासी शेखपुरा।

5. सोनिया पत्‌नी सचिन निवासी बनवारी वाटिका।

6. अनिता पुत्री गणेश निवासी नई बस्ती।

7. गीता पत्‌नी सुशील निवासी चंद्रलोक कालोनी।

8. सुषमा पत्‌नी प्रहलाद निवासी मोक्षपुरी कालोनी।

9. निर्मला पत्‌नी जगन्नाथ निवासी शेखपुरा।

10. ममता पत्‌नी सोनू निवासी नई बस्ती।

 

शराब माफिया गणेश की परिवार की महिलाओं ने कार्यालय में तोड़फोड़, हंगामा और मारपीट की। कुछ कर्मचारियों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। इस संबंध में आयुक्त आबकारी को सूचित किया गया है और सभी पर मुकदमा दर्ज कराया है।

पीएस कानडे, उपायुक्त आबकारी