-मोहल्ले की विवाद जमीन पर धार्मिक स्थल निर्माण का आरोप

- पुलिस ने मौके पर काम कर रहे लोगों को रोका, तनाव

सरधना : कस्बा स्थित मोहल्ला छावनी में गुरुवार सुबह विवादित भूमि पर धार्मिक स्थल के निर्माण की आशंका को लेकर माहौल गर्मा गया। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पुलिस पहुंची ने निर्माण कर रहे लोगों को रोक दिया। हालांकि इन लोगों ने धार्मिक स्थल के निर्माण की बात नकार दी। छावनी के लोगों ने इस भूमि को सरकारी भूमि में परिवर्तित करने की मांग डीएम से की है।

ये है मामला

मोहल्ला छावनी में विवादित भूमि पर धार्मिक स्थल निर्माण की आशंका से दूसरे समुदाय के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विवादित भूमि है। इस पर बिना अनुमति के धार्मिक स्थल नहीं बनने दिया जाएगा। किसी ने पुलिस को फोन पर सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वहां काम कर रहे लोगों को रोक दिया। छावनी के लोगों ने बताया कि यह खसरा नंबर जिला पंचायत का है। इसमें सैनी समाज के लोगों की भी भूमि है। पांच बिस्वा भूमि धार्मिक स्थल के नाम फर्जी रूप से दर्ज है।

कई बार हो चुका विवाद

लोगों ने बताया कि इस जमीन के बदले जमींदारों ने खसरा नंबर 2606 में से धार्मिक स्थल के लिए भूमि दी थी। उस पर धार्मिक स्थल का निर्माण भी हो गया। अब कुछ लोग इस भूमि पर भी धार्मिक स्थल का निर्माण करना चाहते हैं। वर्ष 2008 में भी ऐसा प्रयास किया गया। तब डीएम ने कार्य रुकवा दिया था। वर्ष 1992 में धार्मिक स्थल के निर्माण को लेकर हुए विवाद के चलते एक वर्ष तक पीएसी तैनात करनी पड़ी थी। अब फिर से धार्मिक स्थल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने इस भूमि को सरकारी भूमि में परिवर्तित करने की मांग डीएम से की है।

निर्माण से इंकार

वहीं दूसरे पक्ष का कहना था कि इस भूमि का ठेका उन्होंने जिला पंचायत से लिया है। मौके पर सफाई कराई जा रही थी। धार्मिक स्थल का निर्माण नहीं कराया जा रहा था। इंस्पेक्टर राजेश वर्मा का कहना है कि भूमि पर विवाद के चलते जांच होने तक कार्य रुकवा दिया गया है।