- सुबह चार बजे मेरठ और बागपत के किशोर भिड़ गए

- दोनों ओर से कई जख्मी, मेडिकल कराकर शिफ्ट किए 21 किशोर

Meerut : दो दिनों के नाटकीय घटनाक्रम के बाद शनिवार अलसुबह करीब चार बजे मेरठ स्थित राजकीय संप्रेषण गृह में निरुद्ध किशोरों के दो गुट भिड़ गए। मेरठ और बागपत के करीब दो दर्जन किशोर इस टकराव में गंभीर घायल हुए हैं। करीब आठ थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मेरठ और बागपत कोर्ट के आदेश पर 21 बवाली किशोरों को सूबे के विभिन्न जनपदों में स्थापित संप्रेषण गृह में शिफ्ट कर दिया गया।

शिफ्टिंग पर भिड़ गए

2-3 मई, 18-19 मई और अब 25-26 मई। सूरजकुंड स्थित राजकीय बाल संप्रेषण गृह में माहभर चले घटनाक्रम के बाद शनिवार प्रात: निरुद्ध किशोरों के दो गुट भिड़ गए। वर्चस्व की जंग को लेकर भिड़े दो गुटों के पीछे शिफ्टिंग का शिगूफा सामने आया है। बता दें कि 2 मई के बवाल के बाद प्रोवेशन विभाग द्वारा मेरठ और बागपत के 24 वबाली किशोरों को चिह्नित कर उनकी शिफ्टिंग के लिए किशोर न्याय बोर्ड में अर्जी दी गई। 25 मई के बवाल की वजह भी शिफ्टिंग बताई जा रही है। अभी स्थिति कुछ नियंत्रित हुई थी कि शनिवार रात्रि शिफ्ट करने की जानकारी पर किशोरों में आक्रोश भड़क गया। बाद मेरठ और बागपत के किशोर आमने-सामने आ गए और दोनों गुटों में जमकर लाठी डंडे चले।

आठ थानों की पुलिस पहुंची

नौचंदी थानाध्यक्ष हरसरन शर्मा ने बताया कि किशोरों की भिडं़त की जानकारी पर थाना नौचंदी पुलिस के अलावा कोतवाली, देहलीगेट, सदर, सिविल लाइन, लालकुर्ती, मेडिकल, ब्रह्मापुरी समेत आठ थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस घेराबंदी कर दूसरी मंजिल स्थित संप्रेषण गृह पहुंची तो देखा कि करीब दो दर्जन किशोर गंभीर घायल थे। सभी का पुलिस ने मेडिकल कराया। इस दौरान एडीएम सिटी एसके दूबे, एसपी सिटी ओपी सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह आदि पुलिस-प्रशासनिक अफसर पर मौजूद थे।

21 बवाली किशोर शिफ्ट

इस संघर्ष में वे बवाली किशोर भी घायल हुए जिन्हें शिफ्ट करने के आदेश मेरठ और बागपत के किशोर न्याय बोर्ड ने दे दिए थे। मेरठ के 11 और बागपत के 10 चिह्नित बवाली किशोरों का मेडिकल कराकर न्याय बोर्ड के आदेश में सूबे के 12 अन्य जनपदों में स्थापित संप्रेषण गृहों में शिफ्ट कर दिया गया है। शिफ्टिंग के बाद फिलहाल संप्रेषण गृह में 39 किशोर बचे हैं।

मेरठ और बागपत के किशारों के बीच टकराव की जानकारी पर कई थानों की पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। किशोर न्याय बोर्ड के आदेश के बाद चिह्नित 21 बवाली किशोरों को सूबे के अन्य जनपदों में शिफ्ट कर दिया गया है।

-पंकज यादव, डीएम, मेरठ